अलीगढ़ शहर में सड़कों की मरम्मत शुरू

दैनिक जागरण के मुद्दा उठाने पर जागा नगर निगम का निर्माण विभाग।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 08:04 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 08:04 PM (IST)
अलीगढ़ शहर में सड़कों की मरम्मत शुरू
अलीगढ़ शहर में सड़कों की मरम्मत शुरू

जासं, अलीगढ़ : बदहाल सड़कों पर हुई किरकिरी के बाद जागा नगर निगम अब गड्ढे भरवा रहा है। निर्माण विभाग की टीम सड़कों की मरम्मत करने में जुटी हुई है। विभागीय अधिकारी मरम्मत के कार्य की निगरानी भी कर रहे हैं। बदहाल सड़कों का मुद्दा दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था।

शहर में जर्जर हो चुकी सड़कों से आमजन परेशान हैं। वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अमृत योजना के तहत खोदी गईं सड़कें ठीक नहीं कराई गई हैं। बारिश से गड्ढे और गहरे हो चुके हैं। दैनिक जागरण ने यह मुद्दा उठाकर 'गड्ढों में सड़क की तलाश' शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। बदहाल सड़कों की तस्वीरें भी प्रकाशित की थीं। खबर का संज्ञान लेकर कमिश्नर और डीएम ने नगर निगम को आड़े हाथों लिया। सड़कों को ठीक कराने के सख्त निर्देश दिए। इसके बाद नगर निगम अधिकारियों ने आनन-फानन कार्ययोजना तैयार कर सड़कों की मरम्मत शुरू कर दी। रविवार को भी मरम्मत का कार्य जारी था। मैरिस रोड पर पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क समतल कराई जा रही है। पुलिस कंट्रोल रूम से गुजर रही सड़क पर भी गड्ढे भरे जा रहे हैं। अन्य सड़कें भी ठीक कराई जा रही हैं।

बता दें कि शहर में कोई भी सड़क ऐसी नहीं है, जिस पर आराम के साथ निकला जा सके। सड़कों में इतने गहरे गड्ढे हो गए हैं कि वाहन पलटने से बाल-बाल बचते हैं। इन सड़कों से होकर नगर निगम व प्रशासन के अधिकारी भी रोज गुजरते हैं, मगर किसी नजर नहीं पड़ती है। विपक्षी दलों के नेता भी आए दिन खस्ताहाल सड़कों को लेकर प्रदर्शन करते रहे हैं और अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपते रहे हैं, उसके बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा था। अब नगर निगम के अफसरों की नींद टूटी है और उन्होंने निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत करने के निर्देश दिए हैं।

chat bot
आपका साथी