अलीगढ़ में नगर निगम ने 10 करोड़ रुपये की संपत्ति कब्जा मुक्त कराई

नगर निगम ने अपनी संपत्तियों से कब्जे हटाने शुरू कर दिए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 04 Dec 2020 01:42 AM (IST) Updated:Fri, 04 Dec 2020 01:42 AM (IST)
अलीगढ़ में नगर निगम ने 10 करोड़ रुपये की संपत्ति कब्जा मुक्त कराई
अलीगढ़ में नगर निगम ने 10 करोड़ रुपये की संपत्ति कब्जा मुक्त कराई

जासं, अलीगढ़ : नगर निगम ने अपनी संपत्तियों से कब्जे हटाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को तस्वीर महल चौराहे पहुंची टीम ने एक दुकान पर ताला डाल दिया, इसके ऊपर बने दो आवास भी खाली करा लिए। कब्जा मुक्त कराई गई संपत्ति की कीमत करीब 10 करोड़ है।

शहर में नगर निगम की तमाम ऐसी भी संपत्तियां हैं, जो वर्षों पूर्व किराये पर उठाई गई थीं। फिर इनकी सुध नहीं ली। कई तो ऐसी हैं, जो किरायेदारों ने दूसरों को किराये पर उठा रखी हैं। तस्वीर महल चौराहे पर भी कुछ ऐसे ही भवन हैं। नगर आयुक्त ने इन सभी संपत्तियों को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को नगर निगम के संपत्ति विभाग की टीम तस्वीर महल चौराहे पर पहुंची। चौराहे से जेल रोड पुल के बीच नगर निगम का मार्केट है। सहायक नगर आयुक्त राजबहादुर सिंह ने बताया कि यहां यादव एसोसिएट व जितेंद्र सिंह राणा ने 150 वर्गगज में बनी दुकानों व दो आवासों पर कब्जा कर रखा था। इन्हें खाली कराकर ताले डाल दिए गए। ये संपत्ति किसी और के नाम किराये पर थी। एक अन्य आवास पर भी ताला लगाया गया। उन्होंने बताया कि अवैध कब्जाधारकों को नगर निगम की ओर से पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं। नगर निगम की संपत्ति में अनाधिकृत रूप से रह रहे लोग स्वयं खाली कर दें, वरना कार्रवाई की जाएगी। इसके जिम्मेदार कब्जा करने वाले लोग ही होंगे। उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जा सकता है। नगर निगम की संपत्ति पर कब्जा सहन नहीं किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी