अलीगढ़ में जलभराव के बाद कीचड़ बनी मुसीबत

बारिश से हुए जलभराव के बाद निचले इलाकों में कीचड़ की समस्या खड़ी हो गई है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 02:11 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 02:11 AM (IST)
अलीगढ़ में जलभराव के बाद कीचड़ बनी मुसीबत
अलीगढ़ में जलभराव के बाद कीचड़ बनी मुसीबत

जासं, अलीगढ़ : बारिश से हुए जलभराव के बाद निचले इलाकों में कीचड़ की समस्या खड़ी हो गई है। पानी उतरने के बाद कच्चे रास्तों पर कीचड़ जमा है। चटक धूप से बचा पानी सड़ रहा है। सासनीगेट क्षेत्र में नई आबादी विक्रांत कालोनी में ऐसे ही हालात हैं। सिराज नगर में भी गलियों में कीचड़ जमा है। यहां मुस्तफा मस्जिद में लोग नमाज पढ़ने नहीं जा पा रहे हैं।

प्रगतिशील सपा लोहिया के महानगर अध्यक्ष बाबा फरीद आजाद ने बताया कि समस्याओं के समाधान के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत भुजपुरा स्थित सिराज नगर का दौरा किया गया। यहां गलियों में पानी सड़ने लगा है, कीचड़ जमा हो गई है। सड़कें पक्की न होने से परेशानी बढ़ गई है। मस्जिद के बाहर गंदगी होने से लोग नमाज पढ़ने नहीं जा पा रहे है। घरों के बाहर पानी जमा है। यहीं रहने वाले दिव्यांग आजाद ने बताया कि उसके घर के चारों ओर पानी भरा है। पड़ोसी मदद कर देते हैं। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों से मिलकर समस्याओं का समाधान कराएंगे। उनके साथ मोहम्मद हसीन, हाजरा बेगम, सीमा मुस्तकीम, यूनुस जफर आदि मौजूद थे। विक्रांत कालोनी निवासी अजय ने बताया कि पानी काफी हद तक उतर चुका है, लेकिन कीचड़ जमा है। इससे फिसलन बढ़ गई है। वाहन निकालना दूभर है।

........

डोरी नगर में जलभराव,

पहुंचे कांग्रेस के नेता

जासं, अलीगढ़ : नौरंगाबाद में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाली गली में जलभराव व क्षतिग्रस्त सड़क से लोगों को कठिनाई झेलनी पड़ रही है। मरीजों को आवागमन में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर रविवार को हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल सहयोगियों के साथ गली में पहुंचे। लोगों की परेशानी जानने के बाद नगर निगम अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द समाधान हो जाएगा। बंसल ने कहा कि एक-दो दिन में समाधान न हो तो बताए। उनके साथ भरत सिंह विजय, अशोक कुमार, सीबी सिंह रत्नाकर, अमर सिंह राही, इ. विशंभर सिंह, पन्नालाल सुमन, नितेश कुमार, गोपाल मिश्रा भी थे।

chat bot
आपका साथी