गंदगी व जलभराव ने रजानगर के लोगों को किया घरों में कैद Aligarh News

कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए नगर निगम के विशेष स्वच्छता अभियान के दावे रजानगर की गलियों में खोखले साबित हो रहे हैं। यहां स्थानीय लाेग कोरोना से ज्यादा से गंदगी और जलभराव से प्रभावित हैं। महीनों से यह समस्या बनी हुई है

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Tue, 04 May 2021 05:59 PM (IST) Updated:Tue, 04 May 2021 05:59 PM (IST)
गंदगी व जलभराव ने रजानगर के लोगों को किया घरों में कैद Aligarh News
यहां स्थानीय लाेग कोरोना से ज्यादा से गंदगी और जलभराव से प्रभावित हैं।

अलीगढ़, जेएनएन।कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए नगर निगम के विशेष स्वच्छता अभियान के दावे रजानगर की गलियों में खोखले साबित हो रहे हैं। यहां स्थानीय लाेग कोरोना से ज्यादा से गंदगी और जलभराव से प्रभावित हैं। महीनों से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अफसरों ने इस ओर देखा तक नहीं। जबकि, नगर निगम में तमाम शिकायतें पहुंच चुकी हैं। डीएम बार रूम पर भी लोग अर्जियां दे चुके हैं। मगर कहीं सुनवाई नहीं हो रही। 

नगर निगम की सीमा में रजानगर

तीन साल पहले जब शहरी क्षेत्र का दायरा बढ़ा तो नगर निगम की सीमा में रजानगर भी शामिल हो गया। स्थानीय लोगों ने सोचा कि अब जरूरी सुविधाएं उन्हें उपलब्ध हाेंगी। सड़क, सफाई, पेयजल की सहुलियतें मिलने लगेंगी। शिकायतों पर भी तत्काल संज्ञान लिया जाएगा। लेकिन, ऐसा कुछ हो नहीं सका। बजट का अभाव बताकर निगम नए क्षेत्रों में विकास कराने से कतराता रहा। हां, सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के दावे अधिकारी समय-समय पर करते रहे। रजानगर में इन दावों का भी दम निकल गया। यहीं रहने वाले राशिद खान, स्कूल प्रबंधक इमरान मलिक की माने तो तीन साल में नगर निगम ने यहां एक भी विकास कार्य नहीं कराया। सड़क उखड़ी पड़ी हैं, नालियां कहीं नजर नहीं आतीं।

घरों से निकलना दूभर 

घरों से निकला पानी सड़कों पर जमा होता है। सफाई कर्मी कूड़ा उठाने नहीं आते, इससे जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। ज्यादा परेशानी जलभराव से हो रही है। निकासी न होने से मुख्य मार्ग के अलावा गलियों में भी पानी भरा रहता है। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं इसी पानी से होकर निकलने काे मजबूर हैं। वार्ड 47 के पार्षद शाकिर अली बताते हैं कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम के अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई। डीएम बार रूम पर शिकायतें की गईं तो नगर आयुक्त को समस्या का समाधान करने के आदेश हो गए, बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। लोगों का घरों से निकलना दूभर हो चुका है। गलियां तालाब बनी हुई हैं। स्थानीय लोग कोरोना से अधिक जलभराव की समस्या से परेशान हैं। गर्मी के मौसम में गंदगी, जलभराव संक्रमण बढ़ाएगा। 

नाले, नालियों की सफाई का कार्य निरंतर चल रहा है। रजानगर में जलभराव की समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।

प्रेम रंजन सिंह, नगर आयुक्त

chat bot
आपका साथी