अलीगढ़ में आक्सीजन सिलिंडर के लिए कासिमपुर प्लांट पर लंबी कतार Aligarh news

करीब दो सप्ताह की मारामारी के बाद भी जिले में आक्सीजन की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। अब भी जिले के आक्सीजन प्लांट पर सिलिंडर के लिए लोगों का खूब जमाबड़ा लग रहा है। सबसे अधिक भीड़ कासिमपुर स्थित प्लांट पर होती है।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 04:52 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 04:52 PM (IST)
अलीगढ़ में आक्सीजन सिलिंडर के लिए कासिमपुर प्लांट पर लंबी कतार Aligarh news
आक्सीजन प्लांट पर सिलिंडर के लिए लोगों का खूब जमाबड़ा लग रहा है।

अलीगढ़, जेएनएन ।  करीब दो सप्ताह की मारामारी के बाद भी जिले में आक्सीजन की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। अब भी जिले के आक्सीजन प्लांट पर सिलिंडर के लिए लोगों का खूब जमाबड़ा लग रहा है। सबसे अधिक भीड़ कासिमपुर स्थित प्लांट पर होती है। यहां पर सुबह से ही लोगों की लंबी-लंबी कतार लगनी शुरू हो जाती हैं। शाम तक लाइन में लगने के बाद भी लोगों को बमुश्किल सिलिंडर मिल पा रहा है। कई लोगों को तो टोकन लेकर भी चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसके चलते मरीजों के तीमारदारो को काफी दिक्कतें होती हैं। पूरा-पूरा दिन धूप में खड़े होकर निकल रहा है।

कोरोना की दूसरी लहर में आक्‍सीजन की मारामारी 

कोरोना की दूसरी लहर में सबसे अधिक मुसीबत आक्सीजन को लेकर सामने आई है। निजी व सरकारी अस्पतालों में आक्सीजन की पूर्ति नहीं हो रही है। वहीं, होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों के लिए भी आक्सीजन मिलना मुश्किल हो गई है। तमाम लोग बिना आक्सीजन के घरों पर ही दम तोड़ रहे हैं। पिछले दिनों प्रशासन ने होम आइसोलेशन वाले मरीजों के लिए कासिमपुर स्थित प्लांट से आक्सीजन सिलिंडर देने का नियम बनाया। तय हुआ कि मरीजों के तीमारदारों को आरटीपीसीआर या सीटी स्कैन की रिपोर्ट दिखानी होगी। आधार कार्ड व होम आइसोलेशन का पर्चा देना होगा। इसी से सिलिंडर मिल जाएगी। व्यवस्था संभालने के लिए तहसीलदार व एसडीएम की ड्यूटी लगा दी गई,लेकिन इसके बाद भी लोगों की मुसीबत कम नहीं हो रही है। लाेगों को कागज दिखाने पर टोकन तो मिल जाता है, लेकिन सिलिंडर के लिए काफी मारामारी करनी होती है।

लगती हैं लाइन

प्रशासन भले ही जिले में आक्सीजन की किल्लत न होने का दावा करता हो, लेकिन होम आइसोलेशन के मरीजों के स्वजन को आक्सीजन सिलिंडर के लिए दिन रात मेहनत करनी पड़ती है। सुबह से ही कासिमपुर स्थित प्लांट पर लाइन लगनी शुरू हो जाती है। हर समय यहां सौ से डेढ़ सौ लोग तक मौजूद रहे। देर रात तक लाइन में लगने के बाद भी कई बार सिलिंडर नहीं मिल पाता है। इससे मरीजों के तीमारदार परेशान हैं। शहर के स्वर्ण जयंती नगर से सिलिंडर लेने पहुंचे राकेश ने बताया कि वह सुबह चार बजे से ही लाइन में लग गए थे, लेकिन दोपहर तक उनके हाथ में केवल टोकन ही आ पाया है। अब शाम तक ही सिलिंडर मिलने की उम्मीद है।

सिफारिशों का चलता है खेल

इस दौरान प्लांट से आक्सीजन सिलिंडर देने में सिफारिशों का भी खूब चलता है। प्रतिनिधि व अफसरों की सिफारिश पर लोगों को तत्काल सिलिंडर मिल जाता हैं। तमाम लोग सिफारिशों से जिले से बाहर भी सिलिंडर ले जाते हैं। हालांकि, प्रशासन ने केवल जिले के लिए ही यह नियम तय कर रखा है। सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह ने बताया कि लोगों को कागज दिखाने पर नियमानुसार आक्सीजन मिल रहा है। धीमे-धीमे किल्लत भी खत्म हो रही है।

chat bot
आपका साथी