अलीगढ़ में पूर्व ब्लाक प्रमुख की मौत पर नेता लामबंद, आंखों में दिखा आक्रोश

ब्राह्मण समाज के कई दिग्गज भी दिनभर पोस्टमार्टम हाउस पर जमे रहे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 01:55 AM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 01:55 AM (IST)
अलीगढ़ में पूर्व ब्लाक प्रमुख की मौत पर नेता लामबंद, आंखों में दिखा आक्रोश
अलीगढ़ में पूर्व ब्लाक प्रमुख की मौत पर नेता लामबंद, आंखों में दिखा आक्रोश

जासं, अलीगढ़ : जवां की पूर्व ब्लाक प्रमुख रेनू शर्मा की मौत के बाद राजनीति गरमा गई। विभिन्न दलों के ब्राह्मण नेता पोस्टमार्टम हाउस पर एकजुट हो गए। ब्राह्मण समाज जिदाबाद के नारे भी लगे। तमाम नेताओं ने दबी जुबान में सरकार पर आरोप भी लगाया कि समाज के लोगों पर अत्याचार हो रहा है। शनिवार को सुबह 10 बजे तक पोस्टमार्टम हाउस पर जमघट लग गया था।

बसपा, सपा, कांग्रेस व रालोद के भी नेता पहुंच गए थे। विपक्ष के नेताओं ने आरोप लगाना शुरू कर दिया कि इस सरकार में ब्राह्मणों को निशाना बनाया जा रहा है। कुछ लोगों का तो यहां तक कहना था कि इस बार चुनाव में हम सबक सिखाएंगे। कानपुर के बिकरू मामले में खुशी दुबे के मामले को लेकर भी जोड़ने लगे। उनका कहना था कि खुशबू का क्या दोष था कि वो जेल में है, उसे भी प्रताड़ित किया जा रहा है। दोपहर होते-होते भीड़ और बढ़ती चली गई। डिबाई से पूर्व विधायक गुड्डू पंडित के पहुंचने पर एक बार जोश भरने की कोशिश की गई। नरेंद्र पचौरी ने मांग की कि रेनू शर्मा की मौत की न्यायिक जांच हो। उन लोगों को भी कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, जिन्होंने षड्यंत्र कर सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया है। भाजपा नेता राजेश भारद्वाज, विकास शर्मा, ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ नेताओं में धनंजय शर्मा, राकेश शर्मा, दिनेश शर्मा, रत्नाकर पांडेय आदि मौजूद थे। पोस्टमार्टम पहुंचने वालों में पूर्व विधायक जफर आलम, सपा के जिलाध्यक्ष गिरीश यादव, अज्जू इशहाक, मनोज यादव, श्रीकांत शर्मा, पूर्व विधायक प्रमोद गौड़, एमएसली डा. मानवेंद्र सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू, पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह, सुमंत सिंह, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, ब्रजेश शर्मा, गौरांग देव चौहान, बसपा जिलाध्यक्ष रतनदीप सिंह आदि शामिल हैं।

अधिकारी भी संभाले रहे मोर्चा : माहौल को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मोर्चा संभाले रहे। एडीएम सिटी राकेश पटेल, एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय, सीओ द्वितीय मोहसिन खान, एसीएम द्वितीय सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी हुई, मगर माहौल को देखते हुए अधिकारी शांत रहे।

chat bot
आपका साथी