अलीगढ़ में 80 लाख की लागत से बनेगा किसान कल्याण केंद्र Aligarh news
जनपद में 80 लाख की लागत से किसान कल्याण केंद्र बनेगा। शुक्रवार को बिजौली विकास खंड के गांव बड़ेसरा में वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री संदीप ङ्क्षसह ने भूमि पूजन कर किसानों से नई कृषि तकनीकों का आत्मसात करने को कहा।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता । जनपद में 80 लाख की लागत से किसान कल्याण केंद्र बनेगा। शुक्रवार को बिजौली विकास खंड के गांव बड़ेसरा में वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने भूमि पूजन कर किसानों से नई कृषि तकनीकों का आत्मसात करने को कहा। साथ ही पराली न जलाकर इससे खाद बनाने की अपील भी की। गांव बड़ेसरा में उप्र आवास विकास परिषद किसान कल्याण केंद्र का निर्माण करेगा। 750 वर्गमीटर में बन रहे इस केंद्र के लिए सरकार ने 80 लाख का बजट जारी कर दिया है। गौंडा में भी एक केंद्र बनेगा, इसके लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है।
सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की दी गयी जानकारी
जिला कृषि अधिकारी रामप्रवेश ने बताया कि बीते साल सोमना में किसान कल्याण केंद्र का निर्माण हुआ था। हर ब्लाक में एक केंद्र बनाने की योजना है। इसमें बीज गोदाम, कृषि रक्षा रसायन गोदाम, मीटिंग हाल भी होगा। भूमि पूजन के उपरांत आयोजित गोष्ठी में राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के उत्थान के प्रति संकल्पित है। ऐसे में सरकार का निरंतर प्रयास है कि किसानों को भी खेती, बागबानी और पशुपालन की तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराते हुए कृषि उपज को बढ़ाकर उनकी आय को दोगुना किया जाए। उप निदेशक कृषि यशराज सिंह ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष चौ. ऋषि पाल सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख अतरौली केहरी सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी अमित जायसवाल, मृदा सर्वेक्षण अधिकारी मनोज कुमार, आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता व काफी संख्या में किसान भी मौजूद रहे।