करवाचौथ आज, चंद्रमा का दर्शन कर करेंगी पूजन, मांगेंगी पति की लंबी आयु की कामना Aligarh news

करवाचौथ के व्रत की तैयारियों को लेकर शहर के बाजार चमक उठे। शनिवार को बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। चारों तरफ बाजारों में रौनक बिखरी हुई थी। दिन में महिलाओं ने व्रत और पूजन के सामान खरीदे। शाम को बाजारों में हाथों में मेहंदी रखवाने की उत्सुकता दिखाई दी।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 05:27 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 06:17 AM (IST)
करवाचौथ आज, चंद्रमा का दर्शन कर करेंगी पूजन, मांगेंगी पति की लंबी आयु की कामना Aligarh news
करवाचौथ के व्रत की तैयारियों को लेकर शहर के बाजार चमक उठे।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ । करवाचौथ के व्रत की तैयारियों को लेकर शहर के बाजार चमक उठे। शनिवार को बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। चारों तरफ बाजारों में रौनक बिखरी हुई थी। दिन में महिलाओं ने व्रत और पूजन के सामान खरीदे। शाम को शहर के बाजारों में हाथों में मेहंदी रखवाने की उत्सुकता दिखाई दी। सेंटर प्वाइंट, मैरिस रोड, स्वर्णजयंती नगर आदि बाजारों में सुहागिनों ने मेहंदी लगवाई। ब्यूटी पार्लर में तो सुबह से ही भीड़ लगी रही। शाम को लाइन लगानी पड़ गई।

शनिवार को दिनभर तैयारियों में जुटी रहीं महिलाएं

इस बार करवाचौथ का पूजन रोहिणी नक्षत्र में पड़ रहा है, जो काफी शुभ माना जाता है। साथ ही रविवार का दिन पड़ने से सूर्यदेव भगवान का भी आशीर्वाद मिलेगा। करवाचौथ व्रत को लेकर महिलाओं में काफी उत्साह है। शनिवार को दिनभर तैयारियों में महिलाएं लगी रहीं। सुबह 10 बजे से ही बाजार में खरीदारी में जुट गईं। मिट्टी के करवा के साथ ही पीतल, स्टील और चांदी के करवा की खूब बिक्री हुई। खासकर नवविवाहिताओं में खास उत्साह देखा गया। उन्होंने बाजार में साड़ी, लहंगा, चुनरी की खरीदारी की। वहीं, ज्वेलरी में सोने का गले का हार, कुंडल, अंगूठी आदि भी खरीदें। सोलह श्रंगार का सामान भी लिया। कपड़ों की दुकान पर तो सुबह से लेकर देररात तक भीड़ लगी हुई थी।

  

खास रही तैयारी, बेहतरीन गिफ्ट भी

इस बार करवाचौथ पर बाजार में भी खूब तैयारी की गई है। पूजन की आकर्षक थाली उतारी गई है। स्टील, चांदी आदि की तालियां पूजन के लिए हैं। जिसमें आरती, धूप-दीप आदि की व्यवस्था है। अघ्र्य देने के लिए आकर्षक कलश की तरह लोटा भी है। जिसे पीले और लाल वस्त्र से सजाया गया है। छलनी को भी गोटेदार कपड़ों से सजाया गया है। गिफ्ट के तमाम ऐसे सामान हैं, जो देखते ही बनते हैं। दिनभर गिफ्ट गैलिरयां फुल थीं। रामघाट रोड पर गांधी आई हास्पिटल के निकट सिंध गिफ्ट गैलरी में तो पैर रखने भर की भी जगह नहीं थी। बाहर तक ग्राहक खड़े थे।

 

फुर्सत से लगवाई मेहंदी

सबसे अधिक महिलाओं में मेहंदी लगवाने की होड़ मची हुई थी। सुबह से ही महिलाएं बाजारों में पहुंच गई थीं। रेलवे रोड, महावीरगंज, सेंटर प्वाइंट, रामघाट रोड, स्वर्णजयंती नगर आदि बाजारों में स्टाल लगे हुए थे। इस बार रोजगार भारती की भी टीम लगी हुई थी। महिलाओं को प्रशिक्षित लड़कियों ने मेहंदी लगाई। जिला संयोजक गौरव हरकुट ने बताया कि 50 से अधिक सदस्य थीं, जिन्होंने महिलाओं को आकर्षक मेहंदी लगवाई। हाथों के साथ ही पांव भी मेहंदी लगवाने की होड़ मची रही।

 

ब्यूटी पार्लर पहले से बुक

ब्यूटी पार्लर तो दो दिन पहले से बुक चल रहे थे। शनिवार को तमाम जगहों पर महिलाओं को लौटना पड़ा। सेंटर प्वाइंट पर महिलाएं अपने नंबर के इंतजार में काफी देर खड़ी रहीं। रामघाट रोड और रेलवे रोड पर भी यही स्थिति रही। शहर के मुहल्लों में खुले ब्यूटी पार्लरों में भी पहले से बुकिंग थी।

 

सेल्फी की मची होड़

इस बार सेल्फी का भी खूब क्रेज रहा। मेहंदी लगवाने के बाद महिलाओं ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ सेल्फी ली। बाजार में भी सेल्फी लेकर परिवार को शेयर किया। नवविवाहिताओं में खूब उत्साह दिखा।

 

जाम से जूझा शहर

शहर के कई बाजार जाम से जूझ उठे। रेलवे रोड पर तो सुबह 10 बजे से जाम लगने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर में तो पैदल चलना मुश्किल हो गया था। महावीरगंज में भी कपड़ों की दुकानों पर भीड़ थी, इसलिए दोपहिया वाहन बमुश्किल निकल पा रहे थे। रामघाट रोड पर किशनपुर तिराहे के पास भी यही स्थिति रही। दुकानों पर भीड़ लगने के कारण वाहन खड़ी करने की जगह नहीं थी। तमाम लोगों ने फुटपाथ पर वाहन खड़े कर दिए थे, जिसके चलते जाम की स्थिति बनती रही।

chat bot
आपका साथी