मानक से अधिक यूरिया की खपत पर बढ़ाई निगरानी, दो केंद्रों के लाइसेंस निलंबित Aligarh news

मानक से अधिक हो रही यूरिया की खपत को रोकने के लिए कृषि विभाग ने खरीद-फरोख्त पर निगरानी बढ़ा दी है। आनलाइन नजर रखने के साथ भाैतिक सत्यापन भी किया जा रहा है। खाद-बीज केंद्रों पर निरीक्षण करने टीमें पहुंच रही हैं।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 04:45 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 04:45 PM (IST)
मानक से अधिक यूरिया की खपत पर बढ़ाई निगरानी, दो केंद्रों के लाइसेंस निलंबित Aligarh news
पीओएस मशीन के जरिए हो रही उर्वरक की बिक्री पर आनलाइन नजर रखी जा रही है।

अलीगढ़, जेएनएन : मानक से अधिक हो रही यूरिया की खपत को रोकने के लिए कृषि विभाग ने खरीद-फरोख्त पर निगरानी बढ़ा दी है। आनलाइन नजर रखने के साथ भाैतिक सत्यापन भी किया जा रहा है। खाद-बीज केंद्रों पर निरीक्षण करने टीमें पहुंच रही हैं। अनियमितता मिलने पर सीधे लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। यूरिया, कीटनाशक व अन्य उर्वरक के नमूने लेकर परीक्षण भी कराया जा रहा है। 

दुकानदारों को दी गयी चेतावनी

कृषि विभाग की टीमों ने तहसील स्तर पर 59 निजी व सहकारी विक्रय केंद्रों पर छापामारी कर यूरिया का स्टाक, रजिस्टर, पीओएस मशीन का निरीक्षण किया। छापामारी के दौरान 12 नमूने लिए गए। उप कृषि निदेशक ने गभाना क्षेत्र में 15 केंद्रों का निरीक्षण कर एक नमूना लिया। जिला कृषि अधिकारी ने खैर तहसील में 10 केंद्रों में जांच कर चार नमूने लिए, खामी मिलने पर दो केंद्रों के लाइसेंस निरस्त कर दिए। मृदा सर्वेक्षण अधिकारी ने अतरौली तहसील में 13 केंद्रों की जांच की और दो नमूने लिए। कृषि रक्षा अधिकारी ने इगलास तहसील मे 13 केंंद्रों में जांच कर तीन नमूने लिए और उप संभागीय कृषि अधिकारी ने कोल तहसील में आठ केंद्रों की जांच कर दो नमूने लिए हैं। उर्वरक के कुल 12 नमूने लेकर परीक्षण के लिए लैब भिजवाए गए हैं।

मानक के अनुसार वितरित करें उर्वरक

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने उर्वरक विक्रेताओं से अपील करते हुए कहा कि किसानों के आधार कार्ड पर ही पीओएस मशीन से उर्वरक का वितरण करें। मानक के अनुसार ही किसानों को उर्वरक दिया जाए। पीओएस मशीन के जरिए हो रही उर्वरक की बिक्री पर आनलाइन नजर रखी जा रही है। निर्धारित कीमत पर यूरिया की बिक्री न होने की शिकायतों पर गंभीरता बरती जा रही है। ऐसे केंद्र संचालकों को भी सूचीबद्ध किया जा रहा है, जो मानक के अधिक किसानों को यूरिया बेच रहे हैं।

chat bot
आपका साथी