Mini Exhibition : अलीगढ़़ में हंसी-ठहाके, काव्य और सुर-संगीत की जमेगी महफिल Aligarh news

कोरोना संकट के चलते अलीगढ़ नुमाइश का आनंद न ले सके शहरवासी नगर निगम की मिनी नुमाइश का पूरा लुफ्त उठाएंगे। पहली बार आयोजित हो रहे दीपावली मेला विजय उत्सव में निगम ने कुछ ऐसे ही इंतजाम किए हैं।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 05:45 AM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 07:16 AM (IST)
Mini Exhibition : अलीगढ़़ में हंसी-ठहाके, काव्य और सुर-संगीत की जमेगी महफिल Aligarh news
शहरवासी नगर निगम की 'मिनी नुमाइश' का पूरा लुफ्त उठाएंगे।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। कोरोना संकट के चलते अलीगढ़ नुमाइश का आनंद न ले सके शहरवासी नगर निगम की 'मिनी नुमाइश' का पूरा लुफ्त उठाएंगे। पहली बार आयोजित हो रहे दीपावली मेला विजय उत्सव में निगम ने कुछ ऐसे ही इंतजाम किए हैं। 28 अक्टूबर से जवाहर भवन में शुरू हो रहे इस मेले में हंसी-ठहाके, काव्य, सुर-संगीत की महफिल तो जमेगी ही, हास्य धारावाहिक भाभी जी घर पर हैं, के कलाकार भी दर्शकों को खूब गुदगुदाएंगे। डांडिया नाइट में यूट्यूब सिंगर रेबिका के गीतों पर थिरकने का मौका भी मिलेगा।

जिला स्‍तर पर आयोजित होगा दीपावली मेला

प्रदेश सरकार ने इस बार दीपावली पर पटरी दुकानदारों का कारोबार बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तर पर दीपावली मेला आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें कहा है कि मेले में पटरी दुकानदारों को समुचित स्थान उपलब्ध कराया जाए। बच्चों के मनाेरंजन के लिए झूले लगवाए जाएं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच की व्यवस्था हो और मेले को आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। स्वनिधि योजना के लाभार्थियों के लिए पंजीकरण डेस्क की व्यवस्था करने के भी दिशा-निर्देश हैं। आदेशों के अनुपालन में नगर निगम ने 28 अक्टूबर से दो नवंबर तक रंगारंग कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं कराने की रूपरेखा तैयार कर ली है। तीन नवंबर को समापन और पुरस्कार वितरण होगा। मेले में प्रतिदिन सुबह दो घंटे योगा कराया जाएगा। इस मेले के अायोजन को लेकर नगर निगम का पूरा अमला जुटा हुआ है। मेले के लिए जवाहर भवन परिसर में साफ-सफाई, बैरिकेडिंग आदि व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नगर आयुक्त गौरांग राठी और अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त खुद व्यवस्थाओं पर निगरानी रखे हुए हैं। कार्यक्रमों के लिए आयोजक, प्रायोजक भी तय कर लिए हैं।

दीपावली मेले में प्रमुख आयोजन

28 अक्टूबर- दीपावली मेला विजय उत्सव का शुभारंभ, राजस्थानी नाइट

29 अक्टूबर- चित्रकला व स्लोगन (प्रतियोगिता), लेजर शो, ब्रज सांस्कृतिक संध्या

30 अक्टूबर- मैजिक शो, ड्रामा, नृत्य व गायन, 'भाभी जी घर पर हैं' (स्टार कास्ट नाइट)

31 अक्टूबर- बाडी बिल्डिंग, मिस्टर, मिस, मिसेज (प्रतियोगिताएं), डांडिया नाइट (सिंगर रेबिका)

एक नवंबर- लाफ्टर शो, रसिया गायन, क्लासिकल संगीत, कवि सम्मेलन व मुशायरा

दो नवंबर- बेस्ट कपल आफ अलीगढ़, टैलेंट हंट, मास्टर शेफ, फैशन शो (प्रतियोगिताएं), शाम-ए-गजल

तीन नवंबर- समापन व पुरस्कार वितरण

इनका कहना है

शासन के निर्देश पर इस बार दीपावली मेला विजय उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। तैयारियां अंतिम दौर में चल रही हैं। उभरते कलाकारों को अच्छा मंच मिलेगा, इसी उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। शहरवासी इस मेले का भरपूर आनंद ले सकेंगे। पटरी दुकानदारों को काफी लाभ होगा।

अरुण कुमार गुप्त, अपर नगर आयुक्त

पार्षद कर रहे विरोध

पार्षद मेले के विरोध में उतर आए हैं। पार्षदों के वाट्सएप ग्रुप पर तरह-तरह की टिप्पणी की जा रही हैं। भाजपा पार्षद दल के मुख्य सचेतक दिनेश गुप्ता का कहना है कि शासन की मंशा के अनुरूप आयोजन नहीं हो रहा। मेला शहर के बीच में आयोजित होना चाहिए था, जिससे आमजन पहुंच सकें, पटरी दुकानदारों काे लाभ हो। जवाहर भवन के आसपास हिंदू आबादी भी नहीं है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजा जाएगा।

chat bot
आपका साथी