आस्था का उमड़ा सैलाब..हर तरफ मां की जय-जयकार

नवरात्र के अंतिम दिन आस्था का सैलाब उमड पड़ा। मंदिरों में जय जयकार हुई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 01:45 AM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 01:45 AM (IST)
आस्था का उमड़ा सैलाब..हर तरफ मां की जय-जयकार
आस्था का उमड़ा सैलाब..हर तरफ मां की जय-जयकार

फोटो-एएलआर 2, 3, 4, 6, 7, 8, 9, 10

जासं, अलीगढ़ : नवरात्र के अंतिम दिन आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हर तरफ मां की जय-जयकार थी। देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी लाइन लगी हुई थी। हाथों में पूजा की थाल लिए श्रद्धालु मां के दर्शन को पहुंचे। धूप-दीप से आरती की। नारियल, फूल, जल आदि अर्पित किया। माता रानी को चुनरी ओढा़ई। शहर में पथवारी माता के स्थान पर भी श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लगा रहा।

बुधवार को मां सिद्धिदात्री की पूजा की गई। नौरंगाबाद स्थित नौ देवी मंदिर में तड़के पांच बजे से श्रद्धालुओं के आने का क्रम शुरू हो गया। हर कोई यहां नौ देवी माताओं के दर्शन को लालायित था। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लगी हुई थी। मंदिर जयकारों से गूंज रहा था। तमाम श्रद्धालु नंगे पांव माता रानी के गीत गाते हुए मंदिर पहुंचे। मां के दर्शन करके शीश झुकाया। सुख-समृद्धि की कामना की। गांधीपार्क स्थित चामुंडा देवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं का सुबह से तांता लगा रहा। यहां बड़ी संख्या में बैठी कन्याओं को प्रसाद ग्रहण कराया गया। दान-दक्षिणा देने वालों की कतार लगी हुई थी। मां के जयकारों के साथ भक्त दर्शन कर रहे थे। अचल सरोवर स्थित नौ देवी, गायत्री और राधा-रानी मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालु दर्शन को आतुर थे। परिक्रमा मार्ग पर बने मंदिरों में देवी गीत गूंज रहे थे। श्री वाष्र्णेय मंदिर में भी भक्तों ने दर्शन किए। कामाख्या मंदिर, महेंद्र नगर स्थित दुर्गा मंदिर, घंटरचौक एवं सासनीगेट स्थित मां काली मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। रामघाट रोड स्थित एडीए कालोनी स्थित मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए।

आठ सिद्धियां हैं सिद्धिदात्री मां में

स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज ने बताया कि मां सिद्धिदात्री भगवान विष्णु की अर्धांगिनी है। सिद्धिदात्री, नाम से ही स्पष्ट है सिद्धियों को देने वाली। सीजंस अपार्टमेंट स्थित वैदिक ज्योतिष संस्थान की ओर से आयोजित पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। प्रतिकात्मक कन्या पूजन हुआ। महाआरती में रजनीश वाष्र्णेय, प्रवीण वाष्र्णेय, पवन तिवारी, तेजवीर सिंह, शिब्बू अग्रवाल, संजय नवरत्न,सुबोध अग्रवाल आदि शामिल हुए।

पथवारी मइया का पूजन

शहर के पथवारी मंदिरों में भी मइया का पूजन किया गया। हाथरस अड्डा स्थित मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतार लगी हुई थी। मां को धूप-दीप से आरती की। नारियल और चुनरी चढ़ाई। दुबे पड़ाव, रामघाट रोड, भमौला, क्वार्सी आदि स्थानों पर भी पथवारी मइया के स्थान पर बड़ी संख्या में भक्तों ने पूजन किया। मंदिरों में किया दान-पुण्य, घर पर किया परहेज

कोरोना को देखते हुए इस बार भी कन्या लांगुरा घर-घर नहीं जिमाए गए। तमाम लोगों ने मंदिरों में जाकर दान-पुण्य किया। कन्याओं को दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्राप्त किया। कुछ प्रमुख कालोनियों में एहतियात बरतते हुए कन्याओं का पूजन किया गया। आदर-सत्कार के साथ उन्हें बिठाया और प्रसाद ग्रहण कराया गया। तस्थातु ज्योतिष संस्थान के प्रमुख आचार्य लवकुश शास्त्री ने कहा कि कन्याओं को दक्षिणा देना प्रसाद ग्रहण कराने के बराबर है। श्रद्धा-भाव से दान अर्पित करना चाहिए।

chat bot
आपका साथी