अलीगढ़ में आंधी-बारिश से ध्वस्त बिजली व्यवस्था में नहीं हो सका सुधार

फिरदौस नगर में रोजेदारों के सामने खड़ी हुई समस्या शहर में पल-पल गुल होती रही बिजली गर्मी में बढ़ी दिक्कत।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 01:31 AM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 01:31 AM (IST)
अलीगढ़ में आंधी-बारिश से ध्वस्त बिजली व्यवस्था में नहीं हो सका सुधार
अलीगढ़ में आंधी-बारिश से ध्वस्त बिजली व्यवस्था में नहीं हो सका सुधार

जासं, अलीगढ़ : शुक्रवार को आई तेज आंधी ने पूरे जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था ध्वस्त कर दी। रात 10 बजे बिजली गुल हुई तो तमाम क्षेत्रों में पूरी रात बिजली नहीं आई। इससे भीषण गर्मी में लोगों को बिना लाइट के रहना पड़ा। फिरदौस नगर में तो शनिवार को दोपहर एक बजे के करीब बिजली आई, जिससे रोजेदारों को पानी तक नहीं मिल पाया।

शुक्रवार को शाम सात बजे तेज आंधी शुरू हुई थी, जिससे जिले की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई। ग्रामीण क्षेत्रों में तमाम जगहों पर बिजली के पोल टूटकर गिर पड़े। हालांकि, जैसे-तैसे आपूर्ति कुछ ठीक की गई तो रात 10 बजे फिर तेज आंधी आ गई। इसके बाद तो तमाम क्षेत्रों में पूरी रात बिजली गुल रही। शनिवार को दिन में भी लगातार गुल होती रही। विक्रम कालोनी, रामबाग, मैरिस रोड, मसूदाबाद, रघुवीरपुरी आदि क्षेत्रों में तो पल-पल बिजली जाती रही। फिरदौस नगर बी में पूरी रात बिजली नहीं आई।

कांग्रेस नेता आगा यूनुस ने बताया कि अधिशासी अभियंता चतुर्थ, अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता किसी का भी फोन नहीं उठा। अधिशासी अभियंता ने तो साफ कह दिया कि वह कार्यालय के कार्य में व्यस्त हैं। आगा युनूस ने कहा कि जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है और अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने शिकायत ऊर्जामंत्री से की है। पानी की समस्या खड़ी होने पर नगर निगम से पानी का टैंक मंगवाया गया, तब जाकर लोगों को राहत मिली।

दीवार गिरी, महिला घायल : गांधीपार्क क्षेत्र के नगला मानसिंह में शुक्रवार रात आंधी-बारिश में गिरी दीवार के नीचे दबकर महिला घायल हो गई।

नगला मान सिंह निवासी बनवारी लाल ने बताया कि आंधी-बारिश के दौरान उसका बेटा रोहित व मुस्कान घर से बाहर बैठे थे। सास रामबेटी निवासी जिरौली हीरा सिंह (अकराबाद) घर में सो रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी राशन डीलर की दीवार भर-भराकर गिर गई। इसमें रामबेटी घायल हो गई। देहलीगेट के नगला महताब का करण छत पर सो रहा था। बारिश में दीवार गिर गई। इसकी चपेट में आकर करण घायल हो गया।

chat bot
आपका साथी