अलीगढ़ में उत्साह के साथ निकली परिक्रमा, भक्ति में झूमे

अचल सरोवर रक्षक दल के सदस्यों ने भर दिया भक्ति-भाव भजन-कीर्तन करते निकले सभी सरोवर की सुंदरता को लिया संकल्प।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 10:26 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 10:26 PM (IST)
अलीगढ़ में उत्साह के साथ निकली परिक्रमा, भक्ति में झूमे
अलीगढ़ में उत्साह के साथ निकली परिक्रमा, भक्ति में झूमे

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : अचल सरोवर परिक्रमा मार्ग रविवार को फिर भजन-कीर्तन से गूंज उठा। परिक्रमा में सभी ने कीर्तन करते हुए भक्तिरस का आनंद उठाया। सुबह की गुलाबी ठंड में भक्ति रस ऐसा चढ़ा कि दल के सदस्यों ने जमकर नृत्य किया। राधा-रानी, कन्हैया, अचलेश्वरधाम व अचल सरोवर का जयघोष किया गया। सभी ने अचल सरोवर की स्वच्छता बनाए रखने का दृढ़ संकल्प भी लिया।

अचल सरोवर रक्षक दल ने अचल सरोवर की स्वच्छता का बीड़ा उठाया था। वर्ष 2015 से अचल सरोवर, अटल धरोहर अभियान की शुरुआत हुई। सरोवर की स्वच्छता के लिए पूरा जिला उमड़ पड़ा था। कई महीने तक यह अभियान लगातार चला था, जिसमें सरकारी विभागों के साथ केंद्रीय सुरक्षा बलों ने भी योगदान दिया था। शहर का भी ऐसा कोई गली मुहल्ला नहीं था, जहां के लोगों ने दैनिक जागरण के इस अभियान में योगदान न दिया हो। सुबह पांच बजे ही सभी लोग बिना किसी बुलावे के पहुंच जाते थे और सरोवर की सफाई में जुट जाते थे। नगर निगम के ट्रैक्टर ट्रालियों से सरोवर में पड़े मलवे को निकालकर बाहर फेंका गया था। तभी से दल के सदस्य लगातार परिक्रमा निकाल रहे हैं। आंधी-बारिश आने पर भी परिक्रमा कभी थमी नहीं। जितेंद्र, मोहन लाल वर्मा अनवत परिक्रमा लगाते रहे। उन्होंने कहा कि जो संकल्प ले लिया है, उसे हर हाल में पूरा करना है। रविवार को भी परिक्रमा में इसी तरह का उल्लास दिखाई दिया। आरती घाट से परिक्रमा प्रारंभ हुई। पालीवाल इंटर कालेज, हाथरस अड्डा, श्री गिलहराज मंदिर होती हुए परिक्रमा पुन: आरती घाट पहुंची। यहां कृष्णा गुप्ता ने राधे किशोरी की स्तुति की। उन्होंने कहा कि परिक्रमा से सारी मनोकामना पूर्ण होती है। महंत कौशलनाथ ने कहा कि परिक्रमा में आकर अद्भुत आनंद आता है। लक्ष्मीराज सिंह ने कहा कि अचल की परिक्रमा उत्साह से भर देती है। राधा रानी वैष्णव और नीटू के भजन पर सभी झूम उठे। परिक्रमा में हेमंत शर्मा, धर्मेंद्र स्वामी, देवेंद्र शर्मा, मुकेश गुप्ता, राजेश, पदम कुमार खन्ना मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी