अलीगढ़ में नगर निगम ने एटूजेड कंपनी से मांगा स्पष्टीकरण

समय से कूड़ा न उठने पर नगर आयुक्त ने दिए निर्देश डलावघर से कूड़ा उठाकर निस्तारण कराती है कंपनी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 06:46 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 06:46 PM (IST)
अलीगढ़ में नगर निगम ने एटूजेड कंपनी से मांगा स्पष्टीकरण
अलीगढ़ में नगर निगम ने एटूजेड कंपनी से मांगा स्पष्टीकरण

जासं, अलीगढ़ : अलीगढ़ में प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर हरकत में आए नगर निगम ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारी प्रतिदिन निरीक्षण कर रहे हैं। नगर आयुक्त गौरांग राठी को कई इलाकों में कूड़ा उठाने की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। उनके निर्देश पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने एटूजेड कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा है।

शहर में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के अलावा डलावघरों से भी एटूजेड कंपनी कूड़ा उठवाकर निस्तारण कराती है। सुबह 10:30 बजे तक कूड़ा उठाने के निर्देश हैं। लेकिन, कूड़ा दोपहर तक उठाया जाता है। इससे जाम की स्थिति बन जाती है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर हर महकमा इन दिनों सक्रिय है। नगर आयुक्त खुद साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। शनिवार को उन्होंने गांधीपार्क बस स्टेंड, खिरनीगेट, हाथरस अड्डा, सासनीगेट, मथुरा बाईपास, आगरा रोड आदि क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर सफाई व्यवस्था देखी। सड़क किनारे बने डलावघरों में कूड़ा पड़ा था। नगर आयुक्त ने इस पर कंपनी के प्रतिनिधियों को फटकार लगाई। स्पष्टीकरण और जुर्माना लगाने के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. ओपी गौतम को दिए थे। नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता निरीक्षक व नोडल अधिकारी सुबह व शाम की पारी में वार्ड स्तर पर सफाई कराएंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलती है तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। शहर में सफाई व्यवस्था को सही किया जाएगा। समय से कंपनी कूड़ा उठाएगी। अगर ऐसा नहीं किया तो जुर्माना किया जाएगा। फिर भी व्यवस्था को पटरी पर नहीं लाई तो कंपनी का अनुबंध खत्म करने के लिए शासन में संस्तुति की जाएगी। इन दिनों वैसे भी डेंगू, मलेरिया, वायरल का प्रकोप चल रहा है। ऐसे में सफाई व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। समय पर सफाई कराना और समय से कूड़े के उठवाना नगर निगम की प्राथमिकता में शामिल है, जिसे बनाए रखना है।

chat bot
आपका साथी