अलीगढ़ में गन्ना मंत्री से मिलने की जिद पर अड़े किसानों ने लगाया जाम

महेशपुर मोड़ व सीडीएफ चौकी पर पांच घंटे डटे रहे किसान साथा चीनी मिल के नवीनीकरण की मांग को लेकर हुई पंचायत।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 01:43 AM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 01:43 AM (IST)
अलीगढ़ में गन्ना मंत्री से मिलने की जिद पर अड़े किसानों ने लगाया जाम
अलीगढ़ में गन्ना मंत्री से मिलने की जिद पर अड़े किसानों ने लगाया जाम

संवाद सूत्र, जवां : साथा चीनी मिल के नवीनीकरण की मांग कर रहे किसानों ने रविवार को महेशपुर मोड़ व सीडीएफ चौकी पर पांच घंटे जाम लगाया। साथा चीनी मिल किसान संघर्ष मोर्चा के बैनरतले मिल परिसर में पंचायत कर किसान गन्ना मंत्री व अलीगढ़ के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा से मिलने सर्किट हाउस रवाना हुए थे। रास्ते में पुलिस ने रोक लिया। राज्यमंत्री से मुलाकात के आश्वासन पर जाम खोला गया। शाम को मुलाकात हो गई। राज्यमंत्री ने मिल के नवीनीकरण का आश्वासन दिया है।

साथा चीनी मिल में आयोजित पंचायत में पहुंचे बरौली विधायक दलवीर सिंह ने बताया कि अलीगढ़ के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ नौ सितंबर को मुख्यमंत्री के मिलकर समस्या से अवगत करा दिया है। सरकार मिल के नवीनीकरण पर जल्द निर्णय लेगी। किसान इससे संतुष्ट नहीं हुए। भाकियू भानु के प्रदेश महासचिव डा. शैलेंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में किसान गन्ना मंत्री का घेराव करने सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए। रास्ते में किसान दो गुटों में बंट गए। पुलिस भी सतर्क हो गई। दोपहर ढाई बजे किसानों का एक गुट महेशपुर मोड़ और दूसरे को सीडीएफ चौकी पर रोक लिया गया। इससे नाराज किसान नारेबाजी करते हुए वहीं सड़क पर बैठ गए। किसानों ने कहा कि वोट चाहिए तो नई मिल बनानी होगी। 14 सितंबर को प्रधानमंत्री से मिल की घोषणा करने की मांग भी की गई। महेशपुर मोड़ पर एसपी सिटी कुलदीप सिंह और एडीएम सिटी राकेश मालपाणि और सीडीएफ चौकी पर सीओ सिविल लाइन स्वेताभ पांडेय और एसीएम प्रथम संदीप केला किसानों को समझाने में जुटे रहे। लेकिन किसान नहीं माने। बाद में महेशपुर मोड़ पर पहुंचे एमएलसी जयवीर सिंह ने किसानों से बात की। सीडीएफ चौकी भी पहुंचे। राज्यमंत्री से मिलने के आश्वासन पर शाम साढ़े सात बजे जाम खोला गया। प्रदेश महासचिव डा. शैलेंद्रपाल सिंह के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना मंत्री से सर्किट हाउस में मुलाकात की। विधायक दलवीर सिंह, एमएलसी जयवीर सिंह, एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, आरपी सिंह भी मौजूद थे। किसान नेताओं में पूरन सिंह, यूएस चौहान, हरेंद्र सिंह, मनोज सिंह, कुसुम बिहारी शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, एसके सिंह राणा, दीपक ठाकुर, भगवानदास चौहान आदि थे।

....

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर मैं अतरौली व अन्य देहात क्षेत्र में व्यस्त रहा। किसानों के लिए मेरे दरवाजे 24 घंटे खुले हैं। उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।

सुरेश राणा, गन्ना विकास मंत्री व प्रभारी मंत्री अलीगढ़

chat bot
आपका साथी