अलीगढ़ में ज्यादा पड़े 92 हजार वोट तय करेंगे हार-जीत

पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले अलीगढ़ संसदीय सीट पर इस बार 92 हजार ज्यादा वोट पड़े हैं। ऐसे यही बढ़े हुए वोट प्रत्याशियों की हार-जीत का अंतर बन सकते हैं।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Publish:Tue, 23 Apr 2019 06:43 PM (IST) Updated:Wed, 24 Apr 2019 09:14 AM (IST)
अलीगढ़ में ज्यादा पड़े 92 हजार वोट तय करेंगे हार-जीत
अलीगढ़ में ज्यादा पड़े 92 हजार वोट तय करेंगे हार-जीत

अलीगढ़ (जेएनएन)। पिछले लोकसभा चुनाव के मुकाबले अलीगढ़ संसदीय सीट पर इस बार 92 हजार ज्यादा वोट पड़े हैं। ऐसे यही बढ़े हुए वोट प्रत्याशियों की हार-जीत का अंतर बन सकते हैं। जानकारों की मानें तो इस बार जो प्रत्याशी 5.50 लाख मत हासिल कर लेगा, जीत का सेहरा उसी के सिर बंध जाएगा। ऐसे में इस आंकड़े ने भाजपा के साथ ही गठबंधन व कांग्रेस खेमे की भी नींद उड़ा रखी है। मतदान को देखकर कोई भी प्रत्याशी अपनी जीत को लेकर संतुष्ट नहीं नजर आ रहा है। इतना जरूर कहते दिख रहे हैं कि परिणाम जो भी होगा, लेकिन जीत हार का अंतर कम होगा।

संसदीय क्षेत्र में है पांच विधानसभा
अलीगढ़ संसदीय सीट पर कुल पांच विधानसभा आती हैं। इनमें खैर, बरौली, अतरौली, कोल व शहर सीट शामिल हैं। 2014 लोकसभा चुनावों में यहां कुल 17.89 लाख मतदाताओं में से 10.64 लाख ने अपने अधिकार का प्रयोग किया था। इसमें भाजपा के सतीश गौतम को सबसे अधिक 5.14 लाख मत मिले थे। जबकि, बसपा के अरविंद कुमार सिंह को 2.27 लाख व सपा के जफर आलम को 2.26 लाख वोट मिले थे। कांग्रेस प्रत्याशी बिजेंद्र सिंह के खाते में 62.67 हजार आए थे। इसके अलावा 15 हजार मत नोटिस समेत अन्य प्रत्याशी को मिले थे। भाजपा के सतीश गौतम को मिले कुल मत सपा-बसपा के दोनों प्रत्याशियों से मिलाकर भी अधिक थे।

कम होगा जीत का अंतर
इस बार चुनावों में पांचों विधानसभाओं में 18.26 लाख में से 11.56 लाख ने वोट डाले हैं। ऐसे में इस बार पिछली बार के मुकाबले कुल 92 हजार वोट ज्यादा पड़े हैं, लेकिन इन चुनावों में सपा-बसपा व रालोद का गठबंधन है। ऐसे में जानकारों की मानें तो इस बार जीत का अंतर रहेगा। अगर कोई प्रत्याशी सवा पांच से साढ़े पांच लाख तक वोट हासिल कर लेता है तो जीत उसके पाले में आ सकती है।

मतदान के बाद जिले की स्थित
विधानसभा, कुल मतदाता, पड़े वोट, मतदान फीसद

खैर, 381004, 237000, 61.20

बरौली, 361759, 234733, 64.89

अतरौली, 383867, 224468, 58.48

कोल, 381104, 229415, 60.20

शहर, 374313, 130638, 61.62

2.30 लाख वोट मिलने पर मिलेगी जमानत
इस बार कुल 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। किसी भी प्रत्याशी को अपनी जमानत बचाने के लिए कुल पड़े वोटों को 20 फीसद लेना अनिवार्य है। ऐसे में इस बार कुल 11.56 लाख वोट पड़े हैं। इससे किसी भी प्रत्याशी को जमानत बचाने के लिए 2.30 लाख वोट लेना अनिवार्य है। वोटरों के मतदान के बाद रुख को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार बड़े-बड़े दिग्गजों की जमानत जब्त हो सकती है।

अहम बातें

-अलीगढ़ संसदीय सीट पर 2014 के मुकाबले इस बार 92 हजार वोट पड़े हैं ज्यादा

-2014 लोकसभा चुनाव में 17.89 लाख में से महज 10.58 लाख ने डाले थे वोट

-इस बार 18.26 लाख में से 11.56 लाख मतदाताओं ने किया है प्रयोग

-5.50 लाख मत पाने वाले प्रत्याशी की जीत मानी जा रही है लगभग तय

chat bot
आपका साथी