तालाब में विषाक्त डालकर मार डालीं सैकड़ों मछलियां, रिपोर्ट Aligarh News
जनपद अलीगढ़ के जवां के गांव सुमेरा दरियापुर के तालाब में विषाक्त पदार्थ डालकर सैकड़ों मछलियां मार डालीं। इस मामले की रिपोर्ट ग्राम प्रधान ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई है।
अलीगढ़ जेएनएन: जनपद अलीगढ़ के जवां के गांव सुमेरा दरियापुर के तालाब में विषाक्त पदार्थ डालकर सैकड़ों मछलियां मार डालीं। इस मामले की रिपोर्ट ग्राम प्रधान ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई है। उपनिदेशक एजाज नकवी ने बताया कि अक्सर मछलियां ऑक्सीजन की कमी से भी मर जाती हैं। अगर मछलियों के साथ कुछ अन्य जलीय जीव जंतु भी मरे हैं तो समझना चाहिए कि पानी में कोई विषाक्त पदार्थ डाला हुआ है। मामले की जांच कराएंगे।
तालाब में हैं मछलियां
गांव सुमेरा दरियापुर में करीब चार बीघा में ग्राम पंचायत द्वारा पोषित तालाब है, जिसमें बड़ी संख्या में मछलियां हैं, जिन्हें आसपास के लोग अक्सर आटे की गोलियां खिलाने जाते हैं। शुक्रवार की सुबह ग्राम प्रधान धनंजय पंडित व कुछ अन्य लोग मछलियों को आटे की गोलियां खिलाने गए थे। उन्होंने तालाब में सैकड़ों मछलियों को मृत अवस्था में पड़ी देखा। साथ ही कुछ मेंढक आदि जंतु भी मरे पड़े थे। उन्होंने इस संबंध में थाना पुलिस को अवगत कराया। मत्स्य विभाग के उपनिदेशक एजाज नकवी को भी फोन से जानकारी दी। शिकायत पर दारोगा हरेंद्र ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
मामले की होगी जांच
उन्होंने देखा कि पानी के ऊपर बड़ी मात्रा में काई तैर रही है, जिस पर आटे में मिला कुछ विषाक्त पदार्थ जैसा नजर आया। तालाब के किनारे ही शराब का खाली पौवा व गिलास एवं नमकीन के खाली पैकेट पड़े थे। माना जा रहा है कि किसी शराबी ने ये हरकत की है। इसकी रिपोर्ट ग्राम प्रधान धनंजय पंडित ने अज्ञात के खिलाफ थाने में दर्ज कराई है। इस संबंध में मत्स्य विभाग के उपनिदेशक एजाज नकवी ने बताया की अक्सर मछलियां ऑक्सीजन की कमी से भी मर जाती हैं। अगर मछलियों के साथ कुछ अन्य जलीय जीव जंतु भी मरे हैं तो समझना चाहिए कि पानी में कोई विषाक्त पदार्थ डाला हुआ है। कहा, मामले की जांच कराएंगे।