हाईकोर्ट ने कहा, बिना मास्क के लोगों को बाहर ना निकलने दें, फिर भी लापरवाही

काला अक्षर भैंस बराबर...। यह मुहावरा कोरोना काल में उन लापरवाह लोगों पर सटीक बैठ रहा है जो संकट की घड़ी में भी नियमों को नहीं समझ रहे। हाईकोर्ट ने कहा है कि बिना मास्क के लोगों को बाहर ना निकलने दें।

By Sandeep SaxenaEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 07:34 PM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 07:34 PM (IST)
हाईकोर्ट ने कहा, बिना मास्क के लोगों को बाहर ना निकलने दें, फिर भी लापरवाही
बिना मास्क के लोगों को बाहर ना निकलने दें।

 अलीगढ़ जेएनएन : काला अक्षर, भैंस बराबर...यह मुहावरा कोरोना काल में उन लापरवाह लोगों पर सटीक बैठ रहा है, जो संकट की घड़ी में भी नियमों को नहीं समझ रहे। हाईकोर्ट ने कहा है कि बिना मास्क के लोगों को बाहर ना निकलने दें। फिर भी लोग बिना मास्क सैर सपाटा कर रहे हैं। इन्हें खुद की परवाह तो है नहीं, दूसरों की जान भी जोखिम में डाल रहे हैं। इससे हालात बिगड़ते जा रहे हैं। यही स्थिति रही तो कोरोना को कैसे मात दे पाएंगे? सोमवार दोपहर एक बजे रामघाट रोड पर अधिकतम बाइक सवार बिना मास्क के थे। सेंटर प्वाइंट तिराहे पर ट्रैफिककर्मी का ध्यान ई-चालान पर था। आसपास दुकानों में भीड़ थी। बेतरतीब खड़े वाहनों को भी कोई देखने वाला नहीं था। एसएसपी दफ्तर के बाहर शारीरिक दूरी की धज्जियां उड़ी हुईं थीं। इसके चलते दफ्तर में मुलाकात बंद तक करनी पड़ी। बारहद्वारी पर किसी को सुरक्षा का ख्याल नहीं था। शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर यही हालात थे। हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद पुलिस ने भी सख्ती कर दी है।

लोग बेपरवाह बने हुए हैं। मास्क ना लगाने में शान समझते हैं। आसपास लोग मास्क लगाएं तो हैरानी भरी नजर से देखते हैं। लोग समय की गंभीरता को समझें और नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।अभिषेक बिशनोई, स्वर्ण जयंती नगर

कई लोग ऐसे हैं, जो गले में मास्क लटकाए रहते हैं। पुलिस दिखाई देती है तो मास्क लगा लेते हैं और फिर निकाल लेते हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि संक्रमण किसी को नहीं छोड़ रहा। मास्क से बचा जा सकता है।अंकित सैनी, संगम विहार कालोनी

बाजारों में कोई डर नहीं दिखाई देता। जबकि जरूरत पड़ने पर बाहर निकलना चाहिए। ऐसे में जरूरत वाला व्यक्ति खुद को असुरक्षित महसूस करता है। पुलिस प्रशासन को इस तरफ सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए।

आशीष सोनी, महेंद्र नगर

सितंबर में संक्रमण तेजी से बढ़ा है। हर दिन सैकड़ों केस आ रहे हैं। सभी को सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए। सबसे प्रभावी है मास्क पहनना। लेकिन लोग हल्के में ले रहे हैं। समझते हैं कि मास्क को थोपा जा रहा है।

अजय शर्मा, एडीए कालोनी आगरा रोड

कोरोना से बचाव के लिए लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अपील की जा रही है कि मास्क लगाएं, शारीरिक दूरी का पालन करें, लेकिन कुछ लोग आदत से मजबूर हैं। इसके लिए पहले से थाना स्तर पर टास्क फोर्स बनाई जा चुकी हैं। मास्क ना पहनने वालों से अब सख्ती से निपटा जाएगा।

डॉ. अरविंद कुमार, एसपी क्राइम

chat bot
आपका साथी