आस्था का उमड़ा सैलाब, हर तरफ माता रानी की जय-जयकार

नवमी पर देवी मंदिरों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़-घर-घर कन्याओं का पूजन जगह-जगह प्रसाद कराया ग्रहण।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 24 Oct 2020 07:47 PM (IST) Updated:Sat, 24 Oct 2020 07:47 PM (IST)
आस्था का उमड़ा सैलाब, हर तरफ माता रानी की जय-जयकार
आस्था का उमड़ा सैलाब, हर तरफ माता रानी की जय-जयकार

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : नवमी पर शनिवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। माता रानी के दर्शन के लिए मंदिरों में तड़के से ही भक्तों की कतार लग गई। श्रद्धालुओं ने अंबे मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मां दुर्गा की आरती की। महागौरी के जयकारों से मंदिर गूंज उठे। श्रद्धा और भक्ति के अनूठे संगम में हर कोई भक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया। घरों में हवन-पूजन के बाद कन्या पूजन किया गया। आदर-सत्कार के साथ उन्हें प्रसाद ग्रहण कराया गया। माता रानी के भजन गूंजे उठे।

तड़के चार बजे से ही मां दुर्गा के भजन-कीर्तन से शहर गूंज उठा। मंदिरों की ओर श्रद्धालुओं के कदम आगे बढ़ चले। हाथों में पूजन की थाली लिए मां के जयकारों के साथ श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। नौरंगाबाद स्थित सिद्धपीठ नौ देवी मंदिर में जीटी रोड तक लंबी कतार लगीथी। शेरोवाली मइया के जयकारे लग रहे थे। तमाम श्रद्धालु मां के दरबार में दंडवत थे। मां के दर्शन कर पुष्प, नारियल और चुनरी चढ़ाई। मंदिर में भजन-कीर्तन चल रहे थे।

गांधीपार्क स्थित चामुंडा देवी मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। यहां कन्याओं को प्रसाद ग्रहण कराकर दान-पुण्य किया गया। आरती में श्रद्धालु शामिल हुए। महेंद्र नगर और सासनीगेट स्थित मां काली मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। नारियल अर्पित किया। मां से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। अचलताल स्थित नौ देवी, माता गौरी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। मइया की है महिमा प्यारी

शहर के पथवारी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हाथरस अड्डा स्थित पथवारी मंदिर पर तो सुबह चार बजे से ही लंबी कतार लगी थी। यहां हवन-पूजन के साथ मां के भजन-कीर्तन चल रहे थे। मां के दरबार में श्रद्धालुओं ने नारियल अर्पित किए। दुबे पड़ाव स्थित पथवारी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। रामघाट रोड, भमौला, जीटी रोड आदि स्थानों पर स्थित पथवारी मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। कन्याओं का किया पूजन

घर-घर कन्याओं का पूजन किया गया। उनके पांव धुले। चंदन किया। चुनरी ओढ़ाई और प्रसाद ग्रहण कराया। उपहार दिए। शहर के छोटे-छोटे मंदिरों में भी कन्याओं का पूजन किया गया। रावणटीला स्थित चेतन आश्रम में कन्याओं का पूजन किया गया। साध्वी पुनीता चेतन ने उन्हें उपहार दिए। जीटी रोड स्थित कामाख्या मंदिर में कन्याओं का पूजन किया गया। राजीव गुप्ता लीडर ने भी कन्या पूजन किया। दुर्गाबाड़ी में लगे मां के जयकारे

मैरिस रोड स्थित दुर्गाबाड़ी मां के जयकारों से गूंज उठी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। मां दर्शन दे दो एक बार, आईं हूं तेरे दरबार, मइया की ज्योति निराली, भरती है झोली खाली आदि भजन गाए गए। अध्यक्ष डॉ. बीबी राय, सचिव तापस बनर्जी, मिलन मुखर्जी, डॉ. प्रभात दास गुप्ता, पुलक मुखर्जी, चंदन चटर्जी आदि पूजन में शामिल हुए।

हलुआ और चना का प्रसाद बांटा

शहर में तमाम जगहों पर लोगों ने हलुआ और चना का प्रसाद बांटा। सुरेंद्र नगर, आगरा रोड, रामघाट रोड, मसूदाबाद, मित्र नगर, महेंद्र नगर आदि स्थानों पर हलुआ और चने का प्रसाद बांटा। मां के जयकारे लगाए। शारीरिक दूरी का नहीं किया पालन

नवमी पर शहर में कहीं भी कोरोना का खौफ नहीं दिखा। मंदिरों में अपार भीड़ थी। दर्शन के लिए श्रद्धालु एक-दूसरे से एकदम निकट थे। मंदिरों में पहले से दो-दो मीटर पर गोले बनाए गए थे, मगर भक्तों की भीड़ के चलते नियम का पालन नहीं हो सका। शहर में भी कन्याओं के पूजन में भी शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं हुआ।

chat bot
आपका साथी