पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्‍याय की पत्नी सीमा उपाध्याय ने जीता चुनाव, छोटे भाई विनोद व उनकी पत्‍नी सरोज हारीं

रामवीर की पत्नी पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय ने 12022 वोट हासिल कर परचम लहराया है। 5394 वोट पाने वालीं उपविजेता क्षमा शर्मा को उन्होंने 6628 मतों से हराया है। सीमा उपाध्याय की देवरानी भाजपा समर्थित प्रत्याशी ऋतु उपाध्याय 2309 वोटों के साथ चौथे नंबर पर रहीं हैं।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Mon, 03 May 2021 01:25 PM (IST) Updated:Mon, 03 May 2021 01:25 PM (IST)
पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्‍याय की पत्नी सीमा उपाध्याय ने जीता चुनाव,  छोटे भाई विनोद व उनकी पत्‍नी सरोज हारीं
रामवीर की पत्नी पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय ने 12022 वोट हासिल कर परचम लहराया है।

हाथरस, जेएनएन। जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में हॉट सीट माने जा रहे वार्ड 14 पर पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय का दबदबा दिखा है। रामवीर उपाध्याय के मैनेजमेंट के आगे अन्य प्रत्याशियों की रणनीति धरी रह गईं। रामवीर की पत्नी पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय ने 12022 वोट हासिल कर परचम लहराया है। 5394 वोट पाने वालीं उपविजेता क्षमा शर्मा को उन्होंने 6628 मतों से हराया है। सीमा उपाध्याय की देवरानी भाजपा समर्थित प्रत्याशी ऋतु उपाध्याय 2309 वोटों के साथ चौथे नंबर पर रहीं हैं। 

ऐसे हुआ मुकाबला

वार्ड नंबर 14 पर पूर्व भाजपा नेता डॉ. अविन शर्मा अपनी पत्नी क्षमा शर्मा को चुनाव लड़ाना चाहते थे। उनकी टिकट पक्की मानी जा रही थी, लेकिन रामवीर के छाेटे भाई पूर्व एमएलसी मुकुल उपाध्याय ने ऐन वक्त पर एंट्री मारकर उनके अरमानों पर पानी फेर दिया और अपनी पत्नी ऋतु उपाध्याय को टिकट दिलाने में कामयाब रहे। उधर पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय चौथे नंबर के भाई रामेश्वर उपाध्याय की पत्नी कल्पना उपाध्याय को यहां प्रत्याशी बनाना चाहते थे, लेकिन मुकुल के पैतरे ने उनकी रणनीति को झटका दे दिया। इस फेरबदल को डॉ. अविन शर्मा बर्दाश्त नहीं कर सके और उन्होंने निर्दलीय ही अपनी पत्नी को इसी वार्ड से मैदान में उतार दिया। वहीं रामवीर ने भी अपनी पत्नी फतेहपुर सीकरी की पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय को वार्ड 14 से निर्दलीय लड़ाने का ऐलान कर राजनीतिक भूचाल ला दिया। इसके बाद से ही वार्ड 14 हॉट सीट बन गया। इसी के चलते डॉ. अविन शर्मा और रामवीर के बेटे चिराग उपाध्याय को चुनाव की पूर्व संध्या पर भाजपा से बाहर कर दिया गया था। 

जेठानी व देवरानी पर थीं निगाहें

15 अप्रैल को मतदान के बाद जनता ने प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटिका में कैद कर दी थी। देवरानी-जेठानी के बीच मुकाबले पर सभी की निगाहें बनी रहीं। 

रविवार को सुबह 8 बजे से वार्ड 14 की मुरसान के जीएस इंटर कॉलेज में मतगणना शुरू हुई। शुरू से ही सीमा उपाध्याय बढ़त बनाई हुई थीं। चरण दर चरण वह अन्य प्रत्याशियों से आगे निकलती चली गईं। सोमवार तड़के साढ़े तीन बजे तक छह चरणों में मतगणना पूरी हुई। इसमें सीमा उपाध्याय को 12022, क्षमा शर्मा को 5394 वोट मिले। बसपा नेता बबलू चौधरी की पत्नी मधु चौधरी 4532 मतों के साथ तीसरे और भाजपा प्रत्याशी ऋतु उपाध्याय 2309 मत हासिल कर चौथे स्थान पर रहीं। 

विनोद और सरोज चुनाव हारे

रामवीर उपाध्याय के छोटे भाई निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष विनोद उपाध्याय वार्ड 16 से चुनाव लड़े थे। वहीं उनकी पत्नी सरोज उपाध्याय चुनाव वार्ड 20 से मैदान में थीं। दोनों ही प्रत्याशियों को हार का मुंह देखना पड़ा है। रामवीर परिवार से इस बार केवल एक प्रत्याशी सीमा उपाध्याय जीत हासिल कर सकीं हैं।

chat bot
आपका साथी