अलीगढ़ में सुबह कोहरा, दोपहर में खिली धूप

न्यूनतम तापमान नौ व अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 02:27 AM (IST) Updated:Tue, 19 Jan 2021 02:27 AM (IST)
अलीगढ़ में सुबह कोहरा, दोपहर में खिली धूप
अलीगढ़ में सुबह कोहरा, दोपहर में खिली धूप

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : मौसम का मिजाज सोमवार को फिर बदला। ठंड ने थोड़ी नरमी दिखाई। सुबह शहर पर कोहरे की चादर लिपटी रही तो दोपहर में सूरज निकलने पर धूप का बिछौना आ गया। सुबह सर्दी से कांप रहे लोगों को गुनगुनी धूप से राहत मिली। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की वृद्धि हुई। यह नौ डिग्री सेल्सियस तक रिकार्ड हुआ। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।

सोमवार सुबह लोग सोकर उठे तो कोहरा छाया हुआ था। ठंड तो थी, मगर पिछले दो दिनों की तरह नहीं थी। कोहरे की वजह से 20 कदम दूर का भी दिखाई नहीं दिया। हेडलाइट, डिपर जलाने के बाद भी सड़कों पर गाड़ियां रेंगती हुई आगे बढ़ीं। ठंड का असर कम होने से काफी युवा कई दिन बाद मार्निंग वाक पर भी निकले। सर्दी से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थानों पर लोग अलाव के सामने बैठे नजर आए। करीब 12 बजे आसमान साफ हुआ तो सूरज के दर्शन हुए। इसके बाद गुनगुनी धूप ने ठंड से और राहत दे दी।

कालेजों में चहल-पहल

मौसम साफ होने व धूप निकलने से कालेजों में चहल-पहल रही। छात्र-छात्राएं कामन रूम या परिसर में धूप का आनंद लेते हुए पढ़ते व हंसी-ठिठोली करते नजर आए। कई दिनों के बाद धूप निकलने से सभी ने राहत महसूस की। टीकाराम कन्या महाविद्यालय में भी छात्राओं ने धूप में बैठकर पढ़ाई की।

कोहरे में डिवाइडर पर चढ़ी कार : बन्नादेवी क्षेत्र में सारसौल पर सड़क पर बने डिवाइडर रविवार रात कोहरे में दिल्ली की ओर से आ रही कार जा चढ़ी। गनीमत रही कि हादसे में कार में सवार लोगों को चोट नहीं आई। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को हटाकर एक ओर कराय।

chat bot
आपका साथी