कीटनाशक के पांच नमूने फेल, दायर होगा वाद

कीटनाशक विक्रेताओं की फर्मों से बीते साल लिए नमूनों में पांच नमूने फेल पाए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 10 Jun 2021 01:15 AM (IST) Updated:Thu, 10 Jun 2021 01:15 AM (IST)
कीटनाशक के पांच नमूने फेल, दायर होगा वाद
कीटनाशक के पांच नमूने फेल, दायर होगा वाद

जासं, अलीगढ़ : कीटनाशक विक्रेताओं की फर्मों से बीते साल लिए नमूनों में पांच नमूने फरीदाबाद स्थित सेंट्रल लैब ने फेल कर दिए। डीएम के आदेश पर इन फर्मों के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा।

जनपद में बीते साल छापामारी के दौरान कीटनाशक दवाओं के 230 नमूने लिए गए थे। स्टेट लैब की जांच में 19 नमूने फेल हुए। फर्म संचालकों ने सेंट्रल लैब में पुन: परीक्षण कराया था। जिला कृषि रक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि परीक्षण में पांच फर्मों के नमूने फेल आए हैं। इन फर्म संचालकों के खिलाफ गुरुवार को सीजेएम कोर्ट में वाद दायर किया जाएगा। जिन फर्मों के नमूने फेल हुए हैं, उनमें लक्ष्मी राज शर्मा की आरआर इंटरप्राइजेज खैर, भानुप्रताप सिंह की साहब सिंह एंड संस पनेठी, भानु प्रकाश की मोहन कृषि रक्षा केंद्र अतरौली, श्याम कुमार चतुर्वेदी की श्याम कृषि रक्षा केंद्र मथुरा रोड व रजनीश गौतम की फर्म गौतम बीज भंडार पलवल रोड खैर है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने बताया कि बीते साल प्रदेश में सर्वाधिक नमूने अलीगढ़ में लिए गए थे।

एफएसडी ने की छापेमारी, 150 किलोग्राम सॉस जब्त: डीएम चंद्रभूषण के निर्देश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त (खाद्य) राम नरेश व अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा के संयुक्त निर्देशन में शहर व देहात में छापेमारी की गई। बारहद्वारी स्थित माधवराम फूड प्रोडक्ट पर विशाल चावला से ए-वन मैजिक ब्रांड मीठी चटनी व ए-वन मैजिक ब्रांड सोया सॉस के एक-एक कुल दो नमूने लिए। मिलावट के शक में 150 किलोग्राम सॉस जब्त की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान ने खैर कस्बा स्थित नीरज अग्रवाल के सरसों के तेल निर्माण प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का एक नमूना व कस्बा खैर स्थित देव मंदिर के पास कालीचरण प्रोविजन स्टोर से सरसों के तेल का एक नमूना भरा। टीमों में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज, प्रभु कुमार चौधरी, मनोज कुमार सरोज उपस्थित रहे।

chat bot
आपका साथी