अलीगढ़ में 2045 लाभार्थियों के खातों में पहुंची शौचालयों की पहली किस्त, जानिए विस्तार से
स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत मंगलवर को जिले के 2045 लाभार्थियों के खाते में शौचालयों की पहली किस्त पहुंच गई है। प्रत्येक लाभार्थी को छह-छह हजार रुपये दिए गए हैं। यह पहला मौका है जब सीधे लाभार्थी के खाते में धनराशि पहुंची है।
अलीगढ़, जेएनएन। स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत मंगलवर को जिले के 2045 लाभार्थियों के खाते में शौचालयों की पहली किस्त पहुंच गई है। प्रत्येक लाभार्थी को छह-छह हजार रुपये दिए गए हैं। यह पहला मौका है, जब सीधे लाभार्थी के खाते में धनराशि पहुंची है। अब तक प्रधान व सचिव की तरफ संयुक्त चेक दिया जाता था, लेकिन अब सीधे लाभार्थी के खाते में धनराशि पहुंचा करेगी। डीपीआरओ धनंजय जायसवाल ने बताया कि मंगलवार को इगलास के 670, चंडौस के 337, टप्पल के 235, खैर से 233, गौंडा के 234, अतरौली के 195, बिजौली के 141 लाभार्थियों के खाते में धनराशि भेजी गई है।
स्वच्छ भारत मिशन अभियान की शुरुआत
केंद्र सरकार ने 2014 में स्वच्छ भारत मिशन अभियान की शुरुआत की थी। इसका मकसद जिले को खुले में शौच मुक्त बनाना था। इसके तहत सरकार हर जरूरतमंद के यहां शौचालय निर्माण करा रही है। जिले में अब तक ढाई लाख से अधिक शौचालय बन चुके हैं। एक शौचालय पर 12 हजार की धनराशि खर्च होती है। अब तक पंचायत स्तर पर सचिव व प्रधान संयुक्त रूप से पात्रों का चयन करते थे। इसके बाद इसकी सूची बनाकर जिला स्तर पर भेजते थे। जिला स्तर पर शासन से एक मुश्त पूरे जिले का बजट आता था। इसी में पंचायत को चेक से धनराशि आवंटित होती थी। फिरए पंचायत स्तर पर सचिव व प्रधान संयुक्त रूप से लाभार्थी का चेक देते थे। इसें काफी गड़बड़ी होती थी। ऐसे में शासन स्तर से इस फर्जीवाड़े को रोकने के लिए नियम में बदलाव किया गया है। अब सीधे लाभार्थी के खाते में ही धनराशि पहुंचेंगी। मंगलवार से इसकी शुरुआत हो गई। पहले चरण में जिले के 2045 लाभार्थियों के खाते में पीएफएमएस के माध्यम से खातों में पैसा पहुंच गया है। छह-छह हजार की पहली किस्त भेजी गई है। जल्द ही 11 हजार और अन्य लाभार्थियों को भी इसी तरह पहली किस्त भेजी जाएगी।