अलीगढ़ में तस्वीर महल से शमशाद मार्केट तक हटाया गया अतिक्रमण, नोकझोंक

नगर निगम व प्रशासनिक अफसरों का हुआ विरोध हंगामा भी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 01:48 AM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 01:48 AM (IST)
अलीगढ़ में तस्वीर महल से शमशाद मार्केट तक हटाया गया अतिक्रमण, नोकझोंक
अलीगढ़ में तस्वीर महल से शमशाद मार्केट तक हटाया गया अतिक्रमण, नोकझोंक

जासं, अलीगढ़ : अनूपशहर रोड पर शनिवार को तस्वीर महल से लेकर शमशाद मार्केट तक बुलडोजर गरजा। नगर निगम, पुलिस और प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण अभियान चलाया। शमशाद मार्केट में बड़ी संख्या में दुकानदार और स्थानीय लोग और सपा नेता आ गए। पब्लिक ने अभियान का विरोध कर दिया। सहायक नगर आयुक्त व सीओ तृतीय से जमकर नोकझोंक हो गई। कई बार स्थिति बिगड़ते हुए बची। दुकानदारों का कहना था कि वेंडिग जोन घोषित नहीं किया गया है, उससे पहले ही कार्रवाई की जा रही है। करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा। अभियान में 10 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया।

शहर में कठपुला से गुजर रहा अनूपशहर मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के तहत आता है। तस्वीर महल से जमालपुर ओवरब्रिज तक वर्षों से फुटपाथ पर कब्जा है। शनिवार को अतिक्रमण हटवाने के लिए नगर निगम की टीम इसी मार्ग पर पुलिस के साथ पहुंची। टीम में सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद, सीओ तृतीय श्वेताभ सिंह, एसीएम द्वितीय अंजुम बी. थीं। तस्वीर महल चौराहे से बुलडोजर गरजना शुरू कर दिया। यहां पर कार वाशिग सेंटर को तुड़वा दिया गया। स्लेप आदि भी तोड़ी दी गईं, जिससे दोबारा उन्हें चालू न किया जा सके। शमशाद मार्केट के पास मेयर मोहम्मद फुरकान की कोठी के आसपास भी खोखे, टिनशेड थे, जिन्हें हटवा दिया गया। शमशाद मार्केट में सरताज क्लासेज के पास भी कार्रवाई की गई। यहां लोगों ने जबर्दस्त विरोध किया। अधिकारियों से जमकर नोकझोंक की गई। कई बार माहौल बिगड़ते हुए बचा। सपा नेता मोहम्मद उस्मान खान ने अभियान को लेकर सख्त नाराजगी जताई। उनका कहना था कि शहर में 31 स्थानों पर वेंडिग जोन बनाए जाने थे, वहां दुकानदारों को व्यवस्थित करना था। उससे पहले ही अतिक्रमण अभियान चला दिया गया। नियम विरुद्ध काम किया जा रहा है। पूर्व पार्षद यामीन खान ने कहा कि दुकानदारों के पास स्टे है। उन्होंने सहायक नगर आयुक्त को कागज भी दिखाया, मगर बुलडोजर नहीं थमा। नगर निगम ने फुटपाथ को पूरी तरह कब्जा मुक्त करा दिया गया। शमशाद मार्केट में अभिषेक खंडेलवाल की दुकानों के सामने भी अतिक्रमण ढहा दिया। उन्होंने भी स्टे के कागज दिखाए। कार वाशिग सेंटर, चाय की दुकान, खोखे हटवा दिए गए। कुछ ने नहीं हटाया तो उसे ध्वस्त करा दिया गया। सड़क के दोनों किनारों पर नगर निगम ने पेड़ों की झाड़ियों को भी कटवाया। ढकेल और तिरपाल भी हटा दिए गए। अभियान में अधिशासी अभियंता अशोक कुमार भाटी, सहायक अभियंता हैदर, अवर अभियंता योगराज सिंह, संजय कुमार, धर्मवीर सिंह, मीडिया सहायक अहसान रब आदि मौजूद थे।

.............

मेयर की कोठी पर क्यों

नहीं की कार्रवाई : उस्मान

सपा नेता उस्मान खान ने कहा कि गरीबों को मारने की कोशिश की जा रही है। दो साल से कोरोना से गरीब आर्थिक रूप से टूट गए हैं। किसी तरह वो खड़े होने की कोशिश कर रहे हैं तो अतिक्रमण हटाओ अभियान चलवाकर उन्हें बर्बाद किया जा रहा है। उस्मान ने आरोप लगाया कि मेयर की कोठी का बाहरी हिस्सा भी अतिक्रमण जद में आ रहा है। वहां कार्रवाई क्यों नहीं की? उधर, इस बारे में मेयर से बात करनी चाही, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो हो सका।

.....

आरोप लगाया सांसद के

इशारे पर चला अभियान

शमशाद मार्केट पर जब बुलडोजर गरज रहा था तो लोगों ने आरोप लगाया कि यह अभियान सांसद सतीश गौतम के इशारे पर चल रहा है। शहर में सिर्फ अनूपशहर रोड को ही अमेरिका बनाया जाएगा और स्थानों पर क्यों नहीं चला। अधिकारियों का कहना था कि अभियान में सेंटर प्वांइट चौराहे पर अतिक्रमण पूरी तरह ध्वस्त करा दिया गया था। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है, निष्पक्ष अभियान चल रहा है।

-----------------

शहर की यातायात, जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने और पथ विक्रेताओं को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से अभियान चलाया गया है। वेंडिग जोन में सभी को स्थापित किया जाएगा।

गौरांग राठी, नगर आयुक्त

chat bot
आपका साथी