Aligarh Municipal Corporation: अलीगढ़ में सड़कों पर दौड़ रहीं इलेक्ट्रिक कारें, अब बसों की बारी
शहर की सड़कों पर दाैड़ रहीं नगर निगम अधिकारियों की इलेक्ट्रिट कारें वातावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग कर रही हैं। अब इलेक्ट्रिट बसें भी इसमें अपनी भागीदारी निभाएंगी। यही नहीं निगम में संचालित अन्य वाहनों को भी डीजल मुक्त किया जाएगा।
अलीगढ़, जेएनएन। शहर की सड़कों पर दाैड़ रहीं नगर निगम अधिकारियों की इलेक्ट्रिट कारें वातावरण को स्वच्छ रखने में सहयोग कर रही हैं। अब इलेक्ट्रिट बसें भी इसमें अपनी भागीदारी निभाएंगी। यही नहीं, निगम में संचालित अन्य वाहनों को भी डीजल मुक्त किया जाएगा। ये वाहन सीएनजी आधारित होंगे। इन वाहनों में सीएनजी किट लगाई जाएगी। निगम जल्दी ही इसके लिए कवायद शुरू करेगा।
यह है नगर निगम के हाल
नगर निगम में छोटे-बड़े करीब 210 वाहन व मशीनें हैं। इनमें हर माह करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपये का डीजल फुंकता है। इसके अलावा निगम अधिकारियों को 16 लग्जरी गाड़ियां आवंटित थीं, जिनका सालाना किराया 84.53 लाख रुपये एजेंसी का जाता था। कानपुर की ट्रेवल एजेंसी ने ये गाड़ियां मुहैया कराई थीं। डेढ़ साल पहले इन गाड़ियों को वापस कर एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) कंपनी से 11 इलेक्ट्रिट कार मंगा लीं। इनका किराया डीजल की गाड़ियों से आधा है। न शोर, न धुंआ, एक बार चार्ज होने पर पूरे शहर के चार चक्कर लगा सकते हैं। निगम अधिकारियों ने इस प्रयोग में मिली सफलता के बाद अन्य कार्याें में भी डीजल रहित वाहन व मशीनों के उपयोग करने का निर्णय लिया है। घर-घर से कूड़ा उठाने वाले आटो टिपर वाहनों में सीएनजी किट लगाने के लिए प्राइवेट एजेंसी से संपर्क किया जा रहा है। वहीं, सड़कों पर सफाई के लिए इलेक्ट्रिक मशीनें खरीदी जाएंगी। अभी जो मशीनें चल रही हैं, वह लाखों का डीजल फूंक देती हैं।
25 इलेक्ट्रिट बसें आवंटित
शहर की सड़कों पर 25 इलेक्ट्रिट बसें जल्द ही दौडेंगी। शासन ने 25 बसों के आवंटन पर पहले ही मुहर लगा दी है। बन्नादेवी क्षेत्र के गांव एलमपुर मेें चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए अवस्थापना निधि से 4 करोड़ 32 लाख की धनराशि हस्तांतरित की गई है। चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के बाद बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन ईंधन की खपत को कम करने के साथ पर्यावरण की सुरक्षा में कारगर साबित होंगे।