डंपिंग ग्राउंड का कूड़ा पहुंचा सड़क पर, सो रहा प्रबंधन Hathras News
शहर में जलेसर रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड पर कूड़े ढेर सड़क तक पहुंच गए हैं। यहां कूड़ा सड़ने से संक्रामक रोगों को बढ़ावा मिल रहा है। वहीं यहां हो रहे दूषित वातावरण में राहगीरों के साथ स्थानीय लाेगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हाथरस, जागरण संवाददाता । शहर में जलेसर रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड पर कूड़े ढेर सड़क तक पहुंच गए हैं। यहां कूड़ा सड़ने से संक्रामक रोगों को बढ़ावा मिल रहा है। वहीं यहां हो रहे दूषित वातावरण में राहगीरों के साथ स्थानीय लाेगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कूड़ा प्रबंधन के लिए अभी तक कोई सकारात्मक कदम नगर पालिका द्वारा नहीं उठाया गया है।
शहर में कूड़ा निस्तारण की समस्या लगातार बनी हुयी है
शहर में कूड़ा निस्तारण की समस्या का अभी तक निदान नहीं हो सका है। जलेसर रोड पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। यहां पर शहर का कूड़ा वर्षाें से गिरता हुआ आ रहा है। करीब एक किलोमीटर के क्षेत्रफल में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। यह कूड़ा सड़क तक पहुंच जाता है। हालांकि कई बार पालिका इसे पीछे करवा चुकी है। उसके बाद भी यह कूड़ा बिखरकर सड़क तक पहुंच जाता है। यह समस्या पिछले कई वर्षाें से बनी हुई है।
प्रतिदिन निकलता शहर से करीब 60 टन कूड़ा
शहर में करीब कूड़ा निस्तारण की अभी तक कोई व्यवस्था नहीं की गई है। नगर पालिका क्षेत्र 27 वार्डों में बंटा है। इससे प्रतिदिन करीब 60 टन कूड़ा निकलता है। इस कूड़े को डंपिंग ग्राउंड पर डालने की व्यवस्था रही है। इसे ट्रैक्टरट्राली वाले कभी-कभी सड़क के किनारे ही डाल कर चले जाते हैं।
दूषित हो रहा वातावरण, फैल रहे संक्रामक रोग
जलेसर रोड पर दूर-दूर तक कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। यहां पर पड़ा हुआ यह कूड़ा सड़ने से वातावरण दूषित हो गया है। दूषित वातावरण के चलते इधर से राहगीर व वाहनचालकों को निकलना भी मुश्किल हो रहा है। रोग फैलाने वाले मच्छर व अन्य कीटों से संक्रामक रोग को बढ़ावा मिल रहा है।
वर्षों से अटकी हुई हैं कूड़ा निस्तारण की योजनाएं
शहर में कूड़ा की समस्या विकराल बन गई है। कूड़ा निस्तारण के कोई इंतजाम नहीं होने से ही इस समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है। हालांकि इसके लिए नगर पालिका द्वारा कई बार प्रोजेक्ट भी तैयार कराए। इनको बोर्ड के प्रस्तावों में भी रखा गया। उसके बाद भी अभी तक इस कूड़ा प्रबंधन का कार्य शुरू नहीं हुआ है।
इनका कहना है
शहर में कूड़ा प्रबंधन के लिए पालिका द्वारा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शहर में डोर टू डोर कूड़ा उठाया जा रहा है। जल्द ही जलेसर रोड से भी कूड़ा की समस्या दूर करा लिया जाएगा।
- अनिल कुमार, ईओ