नियमित करिए व्यायाम, तभी मिलेगा आराम, अलीगढ़ में फिजियोथेरेपिस्ट ने दी सलाह

वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डा. केके शर्मा ने कहा बदलती दिनचर्या में व्यायाम बहुत जरूरी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 09:16 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 09:16 PM (IST)
नियमित करिए व्यायाम, तभी मिलेगा आराम, अलीगढ़ में फिजियोथेरेपिस्ट ने दी सलाह
नियमित करिए व्यायाम, तभी मिलेगा आराम, अलीगढ़ में फिजियोथेरेपिस्ट ने दी सलाह

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : मौसम में बदलाव के साथ जोड़ों के दर्द समेत कई समस्याएं शुरू हो जाती हैं। तनिक भी लापरवाही पर शारीरिक दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। घुटनों में दर्द, कंधों में जकड़न, गर्दन में दर्द जैसी समस्याएं खड़ी हो जाती हैं। इसे देखते हुए 'हेलो डाक्टर' में रामघाट-कल्याण मार्ग स्थित इंद्रप्रस्थ एस्टेट के प्रकाशशील फिजियो एवं आर्थाेकेयर के निदेशक वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डा. केके शर्मा को आमंत्रित किया गया। ठंड में होने वाली समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में पाठकों के फोन आए। डा. केके शर्मा ने सभी को उचित सलाह दी। कहा कि नियमित व्यायाम करें, तभी आराम मिलेगा। बदलती दिनचर्या में व्यायाम बहुत जरूरी है..

कंधे में दर्द होता है। गर्दन घुमाने में दिक्कत होती है। पैरों में ताकत नहीं लगती है। कई डाक्टरों को दिखाया, मगर लाभ नहीं हुआ।

श्याम सुंदर, तुर्कमान गेट

- गर्दन की हड्डी बढ़ी हुई प्रतीत होती है। व्यायाम शुरू कीजिए। हाथों को धीमे-धीमे घुमाएं, इससे कुछ आराम मिलेगा। अधिक दर्द होता है तो एक बार डाक्टर को जरूर दिखा लें।

मेरी पत्नी की उम्र 62 वर्ष है। घुटनों में दर्द रहता है। सूजन भी है।

अजयपाल, जट्टारी

- तौलिया को रोल करके घुटनों के नीचे रखें। फिर पैर को धीरे-धीरे ऊपर उठाएं। पंजों को घुमाएं, इससे आराम मिलेगा। विटामिन डी और कैल्शियम लें।

मेरी उम्र 50 वर्ष है। मुझे एक बार बुखार आया, उसके बाद से कंधों में दर्द शुरू हो गया। कभी-कभी तो ऐसे लगता है कि जैसे कंधे जाम हो जाएंगे।

सीमा, कृष्णापुरी

- आप दीवार के पास खड़े हो जाएं। दोनों हाथों को ऊपर रखकर इधर-उधर करें। गुनगुने पानी से स्नान करें, इससे आराम मिलेगा।

पहले रीढ़ की हड्डी में दर्द होता था, अब धीरे-धीरे पूरे शरीर में दर्द होने लगा। घुटने भी जैसे जवाब देने लगे हैं।

राजेश चंदेल, सराय हकीम

- मांसपेशियों में खिचाव के चलते ऐसी समस्या हो जाती है। किसी टेबल पर बैठ जाइए और पैर को ऊपर उठाइए। फिर पंजों को भी ऐसे करें। करीब 10 बार यह प्रक्रिया करिए, धीरे-धीरे आराम मिलना शुरू हो जाएगा।

........

बदलती दिनचर्या में व्यायाम जरूरी

डा. केके शर्मा ने कहा कि बदलती दिनचर्या में व्यायाम बहुत जरूरी हो गया है, वरना लोग घुटनों के दर्द, शरीर की जकड़न समेत तमाम समस्याओं से ग्रसित होते जाएंगे। प्रतिदिन 10 मिनट व्यायाम करिए। घास पर नंगे पांव टहलिए। भोजन की दिनचर्या ठीक करिए। बच्चों को भी हल्का-फुल्का व्यायाम जरूर कराइए। इससे बीमारियों से बचेंगे।

इन्होंने भी किए फोन : प्रशांत, रामेश्वर दयाल, जयपाल, मदीना, मुकुल शर्मा, निर्मला देवी, अरविद कुमार, भावना शर्मा, अवधेश कुमार, दीपेंद्र, मोहित कुमार सैनी, ललितेश कुमार आदि ने भी फोन कर समस्याएं रखीं।

chat bot
आपका साथी