अलीगढ़ में उत्सव के साथ मनेगी दीपावली, नगरीय निकायों में लगेंगे मेले

डीएम ने वर्चुअली बैठक कर तैयारियों को लेकर की समीक्षा नगर निगम समेत सभी निकायों में होगा मेलों का आयोजन।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 10:08 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 10:08 PM (IST)
अलीगढ़ में उत्सव के साथ मनेगी दीपावली, नगरीय निकायों में लगेंगे मेले
अलीगढ़ में उत्सव के साथ मनेगी दीपावली, नगरीय निकायों में लगेंगे मेले

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : दीपावली पर सभी नगरीय निकायों में मेलों का आयोजन होगा। डीएम ने इसके लिए नगर निगम, नगर पंचायत व नगर पालिका के अफसरों को स्थान चिह्नित करने के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। 28 अक्टूबर से मेलों का शुभारंभ होगा। दीपावली के दिन तक यह चलते रहेंगे। प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। मेले में पथ विक्रेताओं के साथ रेहड़ी वालों को भी स्थान आवंटन के साथ विभिन्न विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे। मेले में खेल, तमाशे के साथ झूले लगाए जाएंगे। किसी भी दुकानदार से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

डीएम सेल्वा कुमारी जे ने सोमवार को तैयारियों को लेकर प्रशासन, पुलिस व नगरीय निकायों के अफसरों के साथ वर्चुअली समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि इस साल दीपावली मेलों का आयोजन करते हुए परंपरागत रूप से मिट्टी के दीये, मोमबत्ती, खिलौने, पूजा की सामग्री, सजावटी सामग्री, फूल आदि की बिक्री की जाए। मेलों के लिए स्थान चुन लिया जाए। छोटे दुकानदार व सड़क किनारे सामान बिक्री करने वाले लोगों को मेलों में शामिल किया जाए। मनोरंजन के लिए झूले, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक गतिविधियां भी कराई जाएं। सभी एडीएम अपनी तहसील के ईओ के साथ बैठक कर स्थान चुन ले। नगर निगम भी स्थान चिह्नित कर ले। सभी निकायों में साफ सफाई, बिजली पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था कर ली जाए। चार्ट के हिसाब से इनमें कर्मियों की ड्यूटी लगे। मेलों में लगने वाली दुकानों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। कहीं से दुकानदारों के उत्पीड़न की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। स्वनिधि योजना की स्टाल लगाए जाएं। उन्होंने बताया कि दीपावली का त्योहार चार नवंबर को है। 28 अक्टूबर से दीपावली मेलों की शुरुआत की जाए। सांसद, विधायक व निकायों के अध्यक्ष से शुभारंभ कराया जाए। मेले में एमएसएमई, ओडीओपी व अन्य उत्पादों के स्टाल लगाए जाएं। एडीएम प्रशासन हर दो दिन में तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

chat bot
आपका साथी