पुरानी पेंशन बहाली के लिए कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया

लंबे समय से लंबित पुरानी पेंशन बहाली समेत अन्य मांगों को लेकर गुरुवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 25 Nov 2021 07:33 PM (IST) Updated:Thu, 25 Nov 2021 07:33 PM (IST)
पुरानी पेंशन बहाली के लिए 
कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया
पुरानी पेंशन बहाली के लिए कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : लंबे समय से लंबित पुरानी पेंशन बहाली समेत अन्य मांगों को लेकर गुरुवार को राज्य कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट पर हुंकार भरी और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दर्जनों विभागों के कर्मचारियों ने एलान किया कि अगर जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो फिर कर्मचारी अन्य कड़े निर्णय लेने को मजबूर होंगे। कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था ही सबसे बेहतर है। मजिस्ट्रेट के माध्यम से सीएम योगी आदित्यनाथ को संबोधित 17 सूत्रीय ज्ञापन भेजा।

उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में गुरुवार को कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की जाए। सरकार द्वारा समाप्त किए गए विभिन्न भत्तों, सीसीए, परिवार नियोजन को शुरू किया जाए। प्रदेश में निजीकरण एवं आउटसोर्सिंग पर रोक लगाई जाए। शिक्षा मित्रों की नियमावली में संशोधन कर सहायक अध्यापक पद पर नियमित किया जाए। कनिष्ठ सहायक का ग्रेड पे 2400 रुपये किया जाए। वर्षों से लंबित कैशलेस चिकित्सा व्यवस्था कर्मचारियों व शिक्षकों के लिए जल्द लागू की जाए। फेडरेशन आफ सर्विस एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल कुमार ने कहा कि कोरोना काल में मृतक शिक्षक कर्मचारी, अधिकारी की ड्यूटी में निधन होने पर 50 लाख का मुआवजा दिया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में वसूली प्रथा को खत्म करने की भी मांग की। इस मौके पर चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष चमन लाल राना, जिला मंत्री पूरन सिंह, चौ. सुखवीर सिंह, राजवीर सिंह राघव, कर्मचारी नेता इंजीनियर राकेश शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।

कल होगी बैठक

सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं शिक्षक पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक शनिवार को जेल रोड स्थित शिक्षक भवन में होगी। अध्यक्ष उदयराज सिंह ने बताया कि सुबह 11 बजे से इस बैठक की शुरुआत होगी। इसमें तीन बिदुओं पर विचार होगा। उन्होंने अधिक से अधिक सेवानिवृत्त कर्मचारियों से इसमें शामिल होने की अपील की है।

chat bot
आपका साथी