Defense Corridor Kiratpur Nimana : अलीगढ़ कीरतपुर निमाना में भी विकसित होगा डिफेंस कारिडोर, ये है रणनीति
डिफेंस कारिडोर की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। वहीं सड़क निर्माण कार्य ने भी अब रफ्तार पकड़ ली है। अब अंडला से सटे कीरतपुर निमाना भी में डिफेंस कारिडोर विकसित होगा। इसमें 10 हेक्टेयर भूमि चिन्हित हो गई है।
अलीगढ़, जेएनएन। डिफेंस कारिडोर की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। वहीं, सड़क निर्माण कार्य ने भी अब रफ्तार पकड़ ली है। अब अंडला से सटे कीरतपुर निमाना भी में डिफेंस कारिडोर विकसित होगा। इसमें 10 हेक्टेयर भूमि चिन्हित हो गई है। तहसील से भी प्रस्ताव जिला स्तर पर आ गया है। जल्द ही इसका अधिग्रहण कर लिया जाएगा। अफसरों के मुताबिक डिफेंस कारिडोर के लिए 200 हेक्टेयर भूमि की व्यवस्था करनी की तैयारी चल रही है। अब तक सौ हेक्टेयर की भूमि की व्यवस्था हो चुकी है।
अलीगढ़ में यूपीडा ने शुरू किया काम
अलीगढ़ समेत यूपी के छह शहरों में केंद्र सरकार डिफेंस कारिडोर विकसित कर रही है। इसके लिए खैर रोड पर जमीन का चिन्हांकन हो चुका है। करीब सौ हेक्टेयर जमीन प्रशासन ले चुका है। यूपीडा ने इस जमीन पर कब्जा लेकर काम भी शुरू कर दिया िहै। पहले चरण में सड़क निर्माण चल रहा है। वहीं, कंपनियों को जमीन का आवंटन भी शुरू कर दिया है। कई कंपनियों को जमीन आवंटित हो चुकी है। वहीं, प्रशासन डिफेंस कारिडोर के दायरे को लगातार बढ़ा रहा है। अब लोधा ब्लाक के गांव कीरतपुर निमाना में 10 हेक्टेयर जमीन ओर तलाश ली गई है। विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी संजीव ओझा ने इसको लेकर यूपीडा को जमीन की सहमति/अनुमति का प्रस्ताव भेजा है। इससे पूर्व पिछले हफ्ते ही प्रशासन ने करसुआ में 1.041 हेक्टेयर भूमि और क्रय करने का मसौदा तैयार किया था। यह भूमि छह किसानों की है। पौने तीन करोड़ में खरीदना तय हुआ था। एडीएम प्रशासन ने बताया कि डिफेंस कारिडोर के आसपास और जमीन चिन्हित की गई है। यूपीडा की सहमति मिलते ही इसका अधिग्रहण भी शुरू हो जाएगा।