अलीगढ़ में महिला की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका

अलीगढ़ के कस्‍बा छर्रा कोतवाली क्षेत्र में अतरौली रोड पर ग्राम पुरैनी मोड़ के निकट निर्माणाधीन यात्री विश्रामगृह में तड़के 30वर्षीय अज्ञात महिला का रक्त रंजित शव मिला।

By Sandeep SaxenaEdited By: Publish:Wed, 12 Aug 2020 11:25 PM (IST) Updated:Thu, 13 Aug 2020 06:30 AM (IST)
अलीगढ़ में महिला की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका
अलीगढ़ में महिला की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका

अलीगढ़ जेएनएन: उत्‍तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के कस्‍बा छर्रा कोतवाली क्षेत्र में अतरौली रोड पर ग्राम पुरैनी मोड़ के निकट निर्माणाधीन यात्री विश्रामगृह में बुधवार तड़के 30वर्षीय अज्ञात महिला का रक्त रंजित शव मिला। उसके मुंह में कपड़ा ठुंसा था। पास में शराब की टूटी बोतल पड़ी थी। आशंका है कि बोतल से प्रहार कर हत्या की गई है। एसपी देहात व सीओ बरला ने फोरेंसिक व डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल का मुआयना किया है। इस मामले में प्रधानपुत्र ने तहरीर दी है।

हत्‍या के दौरान मुंह में साड़ी का पल्लू ठुंसा था

पुरैनी मोड़ पर यात्री विश्रामगृह का निर्माण चल रहा है। बुधवार तड़के कुछ ग्रामीण वहीं टहल रहे थे। तभी लोगों की नजर वहां पड़े महिला के रक्तरंजित शव पर गई। वहीं एक स्लिप व कांच की शराब की टूटी बोतल पड़ी थी। मुंह में साड़ी का पल्लू ठुंसा था। थोड़ी देर में वहां आसपास के ग्रामीणों की भीड़ लग गई। महिला लाल साड़ी व काला ब्लाउज पहने थी। सूचना पर छर्रा पुलिस पहुंची और घटना से अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद एसपी देहात अतुल शर्मा व सीओ बरला कर्मवीर ङ्क्षसह ने फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वाड के साथ पहुंचे। कुत्ते ने आसपास के खेतों में होकर काफी दूर तक चहल कदमी की। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। आशंका है कि महिला संग जोर जबर्दस्ती का प्रयास किया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। इस मामले में ग्राम पुरैनी के प्रधान के पुत्र सोनू चौधरी की तहरीर पर छर्रा थाने में अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी देहात ने बताया कि मौके की स्थिति से प्रतीत होता है कि मुंह में कपड़ा ठूस कर कांच की बोतल से हत्या की गई है। महिला की गर्दन व पेट पर चोट के गहरे निशान हैं। शव की शिनाख्त कराई जा रही है। जल्द घटना का पर्दाफाश होगा।

मैक्स में चीख रही थी महिला

घटनास्थल के करीब चार सौ मीटर दूर अतरौली रोड पर आश्रम है। जहां एक बाबा रहते हैं। वहां से जानकारी मिली है कि करीब 11बजे अतरौली की ओर से दूध की तीन मैक्स आ रही थीं। बीच में चल रही गाड़ी में महिला चीख रही थी। कुछ लोग उसे पीट रहे थे। आशंका है कि मामला इसी महिला का हो।

chat bot
आपका साथी