साइबर ठग अफरोज को अलीगढ़ से मिलता था बिजली बिल जमा करने का ऑर्डर

-गोरखपुर के शातिर ने पूछताछ में कई राज किए उजागर गिरोह की तलाश में जुटी पुलिस।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 01:49 AM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 01:49 AM (IST)
साइबर ठग अफरोज को अलीगढ़ से मिलता था बिजली बिल जमा करने का ऑर्डर
साइबर ठग अफरोज को अलीगढ़ से मिलता था बिजली बिल जमा करने का ऑर्डर

जासं, अलीगढ़ : जिले में एक गिरोह ऐसा भी सक्रिय है, जो बिजली के बिलों को सरकारी काउंटर पर जमा कराने की बजाय शातिरों को थमा देता है। पेटीएम पर फर्जी एकाउंट बना इन बिलों को जमा कर कमीशन का बड़ा हेरफेर हो रहा है। गोरखपुर से दबोचे गए साइबर ठग अफरोज अब्बासी से पूछताछ में यह राज सामने आया है, जिसके बाद पुलिस गिरोह की तलाश में जुट गई है।

महराजगंज के कृष्णा नगर के इस शातिर ने 14 सितंबर को गांधी पार्क थाना क्षेत्र के मामू भांजा निवासी डॉ. पल्लवी के खाते से रुपये निकाल लिए थे। इसके लिए बैंक अधिकारी बन फोन पर जरूरी जानकारी जुटाई थीं। इस मामले में पुलिस ने अफरोज को दस दिन पूर्व गोरखपुर से दबोचा था। अब रिमांड पर लेकर की गई पूछताछ में गिरोह की जानकारी हुई है। अफरोज ने बताया कि वह व उसके गिरोह के लोग पेटीएम पर फर्जी एकाउंट बनाकर लोगों को ठगते हैं। वह एप क्लोनर के माध्यम से रोजाना पांच लाख रुपये के बिजली बिल जमा करता था। इसके लिए उसे 1.75 प्रतिशत कमीशन मिलता था। अलीगढ़ का ही व्यक्ति उससे बिल जमा करवाता था। बिलों के संबंध में ही बात करने के लिए वह 28 दिसंबर को अलीगढ़ आया भी था। हालांकि, उसे यह नहीं पता कि अलीगढ़ में कहां रुका था। इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अफरोज के गिरोह में अलीगढ़ का कौन-कौन शामिल है, यह पता लगाया जा रहा है। कुछ लोगों के बारे में जानकारी हुई है, जिनकी तलाश की जा रही है।

chat bot
आपका साथी