कोविड- 19 कंट्रोल रूम में तब्दील हुआ इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर Aligarh news
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी सेवाओं को और प्रभावी करने के लिए नगर निगम ने इंट्रीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) को कोविड- 19 कंट्रोल रूम में तब्दील कर दिया है। इस सेंटर से नगर निगम कंट्रोल रूम को भी संबद्ध कर दिया है।
अलीगढ़, जेएनएन। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी सेवाओं को और प्रभावी करने के लिए नगर निगम ने इंट्रीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आइसीसीसी) को कोविड- 19 कंट्रोल रूम में तब्दील कर दिया है। इस सेंटर से नगर निगम कंट्रोल रूम को भी संबद्ध कर दिया है। साथ ही यहां एक प्रभारी व सुपर नोडल अधिकारी की तैनाती कर हेल्पलाइन नंबर (7500441344 व 05712750250) जारी किए हैं। कोई भी व्यक्ति इन नंबरों पर संपर्क कर नगर निगम की सेवाएं ले सकता है।
सेवाओं को जनसामान्य तक पहुंचाना उद्देश्य
नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि शहर में सफाई, सैनिटाइजेशन, पेयजल, फागिंग आदि व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के लिए आइसीसीसी को 24 घंटे कार्यशील किया गया है। नगर निगम द्वारा प्रतिदिन कोविड मरीज के अावास व आसपास क्षेत्र में साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। इसके अलावा सभी प्रमुख मार्ग, सार्वजनिक स्थानों पर सैनिटाइजेशन, फागिंग, पेयजल आदि की व्यवस्था की गई है। अंत्येष्टि स्थल, अस्पतालों में भी व्यवस्थाओं को प्रभावी किया जा रहा है। मलखान सिंह जिला अस्तपाल, दीनदयाल अस्पताल में तीमारदारों के ठहरने के लिए अस्थायी शेल्टर होम बनवाए गए हैं। इन सेवाओं को और प्रभावी बनाने लिए आइसीसीसी को कोविड-19 कंट्रोल रूम के रूप में स्थापित किया गया है। हेल्पलाइन पर कोई थी व्यक्ति संपर्क कर अपनी समस्याओं का निस्तारण करा सकता है। कंट्रोल रूम स्थापित करने के पीछे उद्देश्य निगम की सेवाओं को जनसामान्य तक पहुंचाना है। नगर आयुक्त ने बताया कोविड-19 कंट्रोल रूम में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इनके अलावा निगरानी के लिए मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय को प्रभारी अधिकारी और अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त को सुपर नोडल अधिकारी बनाया गया है।