My city, my home : बर्फीली हवाओं के बीच शहर में छेड़ा सफाई अभियान Aligarh news

उत्तर प्रदेश दिवस पर रविवार को सफाई कर्मचारियों ने बर्फीली हवाओं के बीच सफाई अभियान छेड़ा। गली-मोहल्लों व सड़कों के अलावा नालों की सफाई भी की गई। 30 अधिकारियों की अगुवाई में 80 टीमें शाम तक अभियान में जुटी रहीं।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 05:02 PM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 05:02 PM (IST)
My city, my home : बर्फीली हवाओं के बीच शहर में छेड़ा सफाई अभियान Aligarh news
गली-मोहल्लों व सड़कों के अलावा नालों की सफाई भी की गई।

अलीगढ़, जेएनएन : उत्तर प्रदेश दिवस पर रविवार को सफाई कर्मचारियों ने बर्फीली हवाओं के बीच सफाई अभियान छेड़ा। गली-मोहल्लों व सड़कों के अलावा नालों की सफाई भी की गई। 30 अधिकारियों की अगुवाई में 80 टीमें शाम तक अभियान में जुटी रहीं। 

मेरा शहर मेरा घर अभियान

नगर निगम ने 'मेरा शहर मेरा घर' अभियान शुरू किया है। इसमें शहर में साफ-सफाई के अलावा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरुक भी किया जा रहा है। अभियान के पहले दिन नगर निगम के नाला गैंग ने अचल ताल, सेंटर प्वाइंट, मैरिस रोड, महेंद्र नगर के नालों की तली झाड़ सफाई कराई गई। कर्मचारियों द्वारा नालों से 126 ट्रोली गंदगी निकाली। इसमें सिल्ट के साथ कपड़े, रजाई, गद्दे और भारी मात्रा में पालिथीन निकली। नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने बताया विशेष सफाई अभियान के साथ यूपी दिवस मनाया गया है। इसमें मुख्य तौर पर मलिन बस्तियों, मुख्य मार्गों व औद्योगिक एरिया में मेरा शहर मेरा के तहत स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। महानगर के हर एक नागरिक को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया गया है। तीन दिन तक ये अभियान चलाया जाएगा।

80 टीमें लगी हैं अभियान में

इस अभियान मेें अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त की निगरानी में 30 अधिकारी,  415 सामान्य कर्मचारी व 850 सफाई कर्मचारियों की  80 टीमें लगी हैं। सुबह ही टीमों ने लाल डिग्गी, रामघाट रोड, क्वार्सी बाईपास, एटा चुंगी बाईपास, सरसौल बाईपास, खैर रोड के गांधीनगर, चंदनिया, नुमाइश ग्राउंड, सासनीगेट चौराहा, मैरिस रोड, केला नगर, सेंटर प्वाइंट, अब्दुल्ला रोड, भुजपुरा, सुदामापुरी आदि क्षेत्रों में साफ-सफाई के साथ डिवाइडर व पार्क की रैलिंग की रंगाई पुताई शुरू कर दी। नगर आयुक्त ने कहा कि अलीगढ़ और उत्तर प्रदेश को स्वच्छ सर्वेक्षण में अव्वल तभी बनाया जा सकता है, जब लोग अपने घरों में साफ-सफाई के साथ शहर को भी साफ सुथरा रखने के लिए अपनी सोच को स्मार्ट बनाएं। जब तक व्यक्ति मेरा शहर मेरा घर की भावना को अपने अंदर जागृत नहीं करेगा, तब तक मात्र नगर निगम के प्रयास से शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सफलता नहीं मिलेगी। अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने कहा हमें गर्व होना चाहिए हम उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और हमारी कर्मभूमि उत्तर प्रदेश है। प्रदेश को स्वच्छ सुंदर और आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में संपूर्ण देश में अव्वल बनाने का दायित्व प्रदेश के हर एक नागरिक का है।

भीषण ठंड में अलाव बने सहारा

भीषण ठंड में अलाव सराहा बने हुए हैं। नगर निगम द्वारा शहर में 300 प्वाइंट पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। शाम के समय नगर निगम की टीमें सभी प्वाइंट पर लकड़ियों डालने निकलती हैं। वाट्सएप ग्रुप, फेसबुक पर अलाव लगवाने पर लोग नगर निगम का आभार जता रहे हैं।

chat bot
आपका साथी