प्रेमिका को दिया धोखा, हल्दी चढ़े अलीगढ़ के दूल्हे को शादी के दिन जाना पड़ा जेल

14 मई को ही दूल्हे की शादी थी। दूल्हे पर दिल्ली की एक युवती ने लिव-इन रिलेशनशिप में रहकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 09:27 PM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 09:27 PM (IST)
प्रेमिका को दिया धोखा, हल्दी चढ़े अलीगढ़ के 
दूल्हे को शादी के दिन जाना पड़ा जेल
प्रेमिका को दिया धोखा, हल्दी चढ़े अलीगढ़ के दूल्हे को शादी के दिन जाना पड़ा जेल

जासं, अलीगढ़ : क्वार्सी पुलिस ने शुक्रवार को एक हल्दी चढ़े दूल्हे को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। 14 मई को ही दूल्हे की शादी थी। दूल्हे पर दिल्ली की एक युवती ने लिव-इन रिलेशनशिप में रहकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती के मुताबिक, दो साल से दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। युवक बिना बताए शादी कर रहा था।

मूलरूप से सासनीगेट क्षेत्र के एक इलाके में रहने वाली 30 वर्षीय युवती का पति से तलाक हो चुका है। एक बेटा भी है, जो पिता के साथ रहता है। तलाक के बाद से ही एमबीए धारक युवती दिल्ली की किसी कंपनी में नौकरी कर रही है। युवती के मुताबिक, 2014 में एक सहेली के माध्यम से उसकी दोस्ती क्वार्सी क्षेत्र के चंदनिया निवासी विशाल से हुई। दोनों के बीच फेसबुक पर बातचीत शुरू हुईं और प्यार हो गया। युवती ने विशाल को अपने तलाक व बीती जिदगी के बारे में बताया। 2018 के बाद से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। यहां तक कि युवती विशाल के नाम का सिदूर भी मांग में भरने लगी। विशाल आगे चलकर शादी करने का वादा करता था। इसी आधार पर उसने युवती से ढाई लाख रुपये भी ले लिए। नवंबर 2020 में युवक अपने घर आया और एक दिन अचानक उसका फोन बंद हो गया। अगले दिन फोन चालू हुआ तो युवती ने कारण पूछा। तब युवक ने पारिवारिक कलह बताकर बात टाल दी। शक के आधार पर युवती ने छानबीन की तो पता चला कि विशाल की सगाई हो गई है। बुलंदशहर की युवती से उसका रिश्ता तय हो गया है। यह पता चलने पर भी विशाल ने युवती को भरोसा दिया कि वह उसी से शादी करेगा। गुरुवार को युवती को अचानक जानकारी हुई कि 14 मई को विशाल की शादी है। युवती अलीगढ़ आई और सीधे विशाल के घर पहुंची। युवती ने परिवार वालों को सारी बातें बताईं तो उल्टा उस पर ही लोग हावी हो गए। युवक की बहन ने युवती से मारपीट कर दी। युवती ने 1090 पर काल कर दी। मामला थाने पहुंच गया, जहां युवती ने तहरीर दी। क्वार्सी इंस्पेक्टर छोटे लाल ने बताया कि युवती ने तहरीर में लिव-इन रिलेशनशिप में रहकर शादी के बहाने दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। इसके आधार पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म व एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया है। शुक्रवार सुबह आरोपित विशाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। विशाल के हल्दी चढ़ी हुई थी। शुक्रवार को ही उसकी बरात जानी थी।

chat bot
आपका साथी