अलीगढ़ के बरौली से भाजपा विधायक के इलाज में लग सकता है तीन हफ्ते का समय

प्रधानमंत्री कार्यालय की पहल पर मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हास्पिटल में कराया गया है भर्ती।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 07:55 PM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 08:05 PM (IST)
अलीगढ़ के बरौली से भाजपा विधायक के इलाज में लग सकता है तीन हफ्ते का समय
अलीगढ़ के बरौली से भाजपा विधायक के इलाज में लग सकता है तीन हफ्ते का समय

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हास्पिटल में भाजपा से बरौली विधायक दलवीर सिंह को घर जैसा माहौल मिल रहा है। वहां चिकित्सक बहुत अच्छे से इलाज कर रहे हैं, पूरा स्टाफ लगा हुआ है। इलाज में दो से तीन हफ्ते का समय लग सकता है।

शहर के प्रमुख व्यवसायी विशाल गर्ग (बीडीके) की पुत्री नैनिश गर्ग भी कोकिलाबेन अस्पताल में प्रशासनिक रूप में कार्यरत हैं, वह भी बरौली विधायक दलवीर सिंह के इलाज में पूरी मदद कर रही हैं। दलवीर सिंह को प्रधानमंत्री कार्यालय की पहल पर कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसकी जानकारी मिलते ही नैनिश गर्ग बाबा दलवीर सिंह से मुलाकात करने पहुंच गईं। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। बरौली विधायक नातिनी को देखकर प्रसन्न हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर माहौल मिल रहा है, वह जल्दी स्वस्थ्य हो जाएंगे। नैनिश गर्ग ने बताया कि बाबा अस्पताल की 16वीं मंजिल पर भर्ती हैं, जहां डा. अभिषेक श्रीवास्तव की देखरेख में इलाज चल रहा है। यहां उनकी फिजिकल एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर में स्पीच व स्वालोथेरेपी चल रही हैं। इलाज में दो से तीन सप्ताह का समय लग सकता है। नाती विजय कुमार सिंह व वैयक्तिक सहायक सुशील गुप्ता उनके साथ रुके हुए हैं। भाजपा कार्यकर्ता भी विधायक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। बरौली विधानसभा क्षेत्र की जनता भी विधायक के जल्दी ठीक होकर लौटने की प्रार्थना कर रही है। तमाम कार्यकर्ता उनके जल्दी स्वस्थ होने के लिए हवन यज्ञ भी कर रहे हैं। दलवीर सिंह का बरौली से बहुत ही पुराना नाता है। वे यहां से लगातार कई बार विधायक चुने गए हैं। इस समय भी इसी क्षेत्र से विधायक हैं। क्षेत्र के लोग भी विजय सिंह से फोन पर संपर्क कर विधायक के स्वास्थ्य के बारे में लगातार जानकारी ले रहे हैं। विधायक पिछले कई माह से बीमार चल रहे हैं।

chat bot
आपका साथी