अलीगढ़ में भाजपा ने निकाला नया तरीका, इस तरह साधेगी 2022 का लक्ष्य

भाजपा ने मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रांशुदत्त द्विवेदी (फर्रूखाबाद) को युवा मोर्चा को प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। गीता शाक्य राज्यसभा सांसद (औरैया) को महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 03:22 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 03:22 PM (IST)
अलीगढ़ में भाजपा ने निकाला नया तरीका, इस तरह साधेगी 2022 का लक्ष्य
जो काम भाजपा चार साल में नहीं कर पाई अब वो एक महीने के अंदर कर रही है।

अलीगढ़, जेएनएन। जो काम भाजपा चार साल में नहीं कर पाई अब वो एक महीने के अंदर कर रही है। पार्टी संगठन के चुनाव और आयोग-बोर्ड में धड़ाधड़ पदों को घोषित कर रही है। मोर्चा में प्रदेश स्तर के पदाधिकारी घोषित हो गए हैं, अब आयोग और बोर्ड में घोषणा शुरू हो गई है। भाजपा 2022 का लक्ष्य इस बहाने साधने में लगी हुई है, पद और जिम्मेदारियां मिलने से पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह बना रहेगा।

यह है रणनीति

भाजपा ने 2022 के लक्ष्य साधने के लिए नया तरीका निकाला है। पार्टी अब संगठन पर ध्यान दे रही है, इसलिए संगठन के पदों की घोषणा की शुरुआत हो गई है। शनिवार को भाजपा ने मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष घोषित कर दिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रांशुदत्त द्विवेदी (फर्रूखाबाद) को युवा मोर्चा को प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। गीता शाक्य राज्यसभा सांसद (औरैया) को महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। कामेश्वर सिंह (गोरखपुर) को किसान मोर्चा, नरेंद्र कश्यप पूर्व सांसद (गाजियाबाद) को पिछड़ा वर्ग मोर्चा, कौशल किशोर सांसद को अनुसूचित जाति मोर्चा, संजय गोंड (गोरखपुर) को अनुसूचित जनजाति मोर्चा व कुंवर बासित अली (मेरठ) को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया है। इसके बाद अब जिले में जिलाध्यक्ष और विभिन्न मोर्चाें की कार्यकारिणी की घोषणा की शुरुआत हो जाएगी। इन मोर्चाें के अध्यक्ष, महामंत्री समेत 20 के करीब कार्यकारिणी में कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी की रणनीति है कि चुनाव के समय पद देने से कार्यकर्ताओं में जोश बना रहेगा। वह चुनाव में दमदारी से लगेंगे। विधानसभा चुनाव भी अब एकदम निकट है। वहीं, पार्टी विभिन्न बोर्ड और आयोग में भी घोषणा की शुरुआत कर दी है। इसमें भी अधिक से अधिक वरिष्ठ और कर्मठ कार्यकर्ताओं को समाहित करने की कोशिश की जाएगी। भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह का कहना है कि संगठन में निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जा रही है, साथ ही युवाओं को भी आगे बढ़ाने की कोशिश की जाएगी, जिससे आगे चलकर वह संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकें। महानगर अध्यक्ष डा. विवेक सारस्वत का कहना है कि पार्टी में सतत कार्यक्रम चलते हैं, विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी देना यह भी उसी का हिस्सा है। हमारे कार्यकर्ता हमेशा सक्रिय रहते हैं। लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के बाद भी कार्यकर्ता संगठन में कार्य करते रहे, इसलिए भाजपा सभी संगठनों से अलग है। डा. विवेक सारस्वत ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी दमदारी से चुनाव लड़ेगी। अन्य दलों के पास न तो कोई नीति है और न ही कोई संगठन। परिवार का कुनबा है वो कभी भी बिखर सकता है।

chat bot
आपका साथी