अलीगढ़ में मुख्यमंत्री का काफिला निकलने से पहले दौड़ाए आवारा पशु

मुख्यमंत्री के अलीगढ़ आगमन से पहले ही प्रशासन ने ज्यादातर व्यवस्थाएं चौकस कर ली थीं। नगर निगम की टीम भी देररात तक जुटी रही।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 07:28 PM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 07:28 PM (IST)
अलीगढ़ में मुख्यमंत्री का काफिला निकलने से पहले दौड़ाए आवारा पशु
अलीगढ़ में मुख्यमंत्री का काफिला निकलने से पहले दौड़ाए आवारा पशु

जासं, अलीगढ़ : मुख्यमंत्री के अलीगढ़ आगमन से पहले ही प्रशासन ने ज्यादातर व्यवस्थाएं चौकस कर ली थीं। नगर निगम की टीम भी देररात तक जुटी रही। खासकर साफ-सफाई और आवारा पशुओं की धड़पकड़ पर जोर रहा। बावजूद इसके कमियां रह गईं। मुख्यमंत्री का काफिला जिस वक्त मेडिकल कालेज से देवसैनी की ओर कूच करने की तैयारी कर रहा था, तब रामघाट रोड पर आवारा पशु पकड़े जा रहे थे। एक सांड तो भाग छूटा, अफरा-तफरी सी मच गई। शुक्र रहा कि काफिले को यहां पहुंचने में कुछ देर लगी, वरना अफसरों पर जवाब देते नहीं बनता।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर नगर निगम के 35 अधिकारी, 460 कर्मचारी और 2150 सफाई कर्मचारियों की 200 टीमें व्यवस्थाओं में लगी थीं। हैलीपेड, मेडिकल कालेज, सर्किट हाउस, कलक्ट्रेट, देवसैनी समेत अन्य स्थानों पर साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन कराया गया। नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह के साथ निगम अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। कार्यक्रम स्थलों के आसपास आवारा पशुओं को पकड़ने के सख्त निर्देश थे। बुधवार रात ही 60 पशुओं को टीम पकड़ चुकी थी। ऐन कार्यक्रम वाले दिन टीम सुस्त दिखाई दी। दोपहर 12:30 बजे निगम कर्मचारी रामघाट रोड पर पशुओं को पकड़ते नजर आए। जबकि, कुछ देर बाद यहीं से मुख्यमंत्री का काफिला निकलना था। कुत्ते भी दौड़ते-भागते दिखाई दिए। कलक्ट्रेट पर मुख्यमंत्री के पहुंचने से कुछ देर पहले सफाई और चूने का छिड़काव कराया गया था। सफाई कर रहे कर्मचारियों को पुलिस को सड़क से हटाना पड़ा। पुलिस ने यहां वाहनों व राहगीरों को भी काफी देर तक रोके रखा, जिससे लोगों का परेशानी हुई। इन लोगों में मरीज भी थे।

chat bot
आपका साथी