अलीगढ़ में आत्महत्या से पहले नोट में महिला ने लिखा-आइ लव यू पापा, मैं बहुत थक गई हूं, सोना चाहती हूं..

पुलिस ने दहेज हत्या में मुकदमा दर्ज किया है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिग आया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 02:03 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 02:03 AM (IST)
अलीगढ़ में आत्महत्या से पहले नोट में महिला ने लिखा-आइ लव यू पापा, मैं बहुत थक गई हूं, सोना चाहती हूं..
अलीगढ़ में आत्महत्या से पहले नोट में महिला ने लिखा-आइ लव यू पापा, मैं बहुत थक गई हूं, सोना चाहती हूं..

बन्नादेवी क्षेत्र के मोहल्ला गुरुदासपुर में महिला ने दी जान, आत्महत्या से पहले लिखा सुसाइड नोट, पति हिरासत में

जासं, अलीगढ़ : बन्नादेवी क्षेत्र के मोहल्ला गुरुदासपुर साईं कालोनी में गुरुवार सुबह महिला का शव कमरे में पड़ा मिला। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने दहेज हत्या में मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिग आया है। एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें महिला ने लिखा है.. आइ लव यू पापा। मैं बहुत थक गई हूं। सोना चाहती हूं। वादा करो आप इनसे कुछ नहीं कहोगे।

बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर के सराय शेख आलम निवासी राजेश गर्ग उर्फ सुंदरी ने 28 वर्षीय बेटी शैली की शादी 28 नवंबर 2011 को गुरुदासपुर साईं कालोनी निवासी गौरव गुप्ता के साथ की थी। गौरव चंडौस में ईंट भट्ठा चलाता है। राजेश के मुताबिक, 12 लाख में शादी तय हुई थी, लेकिन 50 लाख रुपये खर्च किए। इसमें 30 लाख का कर्जा लिया। शादी के बाद से ही शैली को प्रताड़ित किया जाने लगा। गुरुवार सुबह छह बजे पड़ोसियों ने शैली की मौत की सूचना दी। शैली के गले पर निशान थे। पुलिस ने गौरव गुप्ता, ससुर मुन्नालाल व ननद के खिलाफ दहेज हत्या में मुकदमा दर्ज कर लिया। पति ने पूछताछ में बताया कि रात में हम दोनों का झगड़ा हुआ था। मैंने शैली को चांटा मारा। इसके बाद साथ में टीवी देखा और सो गए। सुबह शैली पंखे से लटकी मिली। सीओ मोहसिन खान की मौजूदगी में फोरेंसिक टीम ने घर को सील कर दिया।

अतिरिक्त दहेज के रूप में 22 लाख दिए

राजेश खुर्जा अग्रवाल समाज के अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि मार्च 2020 में भी बेटी को सिगरेट से जलाकर घर भेज दिया गया था। तब पांच लाख रुपये दिए। 2012 से अब तक 22 लाख चार हजार 350 रुपये दे चुके हैं। दो प्लाट व एक मकान बेचना पड़ा। राजेश ने पुलिस प्रशासन पर दो लाख रुपये लेकर हत्या को आत्महत्या में बदलने का आरोप लगाया है। ये भी कहा कि एक डायरी को पुलिस छिपा रही है, जिसमें बेटी ने प्रताड़ना की बातें लिखी हैं।

घर की दीवारों पर लिखे अपशब्द

राजेश ने बताया कि घर की दीवारों पर भी गौरव ने उन्हें गोली से मारने की बातें लिख रखी हैं। आपत्तिजनक शब्द भी लिखे थे। राजेश के मुताबिक, गौरव की कार में शैली की साड़ियां भरी पड़ी थीं। आरोपित बेटी को मारने के बाद भट्ठे में झोंकने की तैयारी कर रहे थे। इंसाफ नहीं मिला तो आंदोलन करूंगा। शैली पर दो बेटियां हैं। राजेश के मुताबिक, दोनों बेटियों ने बताया है कि बुआ ने मम्मी के हाथ पकड़े थे और पापा ने मां को मार डाला।

पापा, बेटियों का ध्यान रखना

सुसाइड नोट में शैली ने लिखा है कि पापा मैं बहुत गंदी लड़की हूं। मेरी परी व रोशनी (बेटियां) का ध्यान रखना। अच्छा इंसान बनाना। मैं थक गई हूं। सोना चाहती हूं। मेरी चिता को बेटियां जलाएं। मैं फिर से ऋषभ या यश का बेटा बनकर आऊंगी। आपकी कोई दोस्त नहीं है। मेरी किस्मत में यही लिख रहा है। परी और रोशनी आइ लव यू। मम्मी आपको बहुत प्यार करती है। परी रोशनी का ध्यान रखना। प्यार करना..।

.............

साक्ष्यों व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर लग रहा है कि महिला ने आत्महत्या की है। शव के पास से सुसाइड नोट भी मिला है। स्वजन के आरोपों के आधार पर मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया था। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पति हिरासत में है।

कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी सिटी

chat bot
आपका साथी