Aligarh Weather Forecast : बदलते मौसम में रहें सावधान, जरा सी लापरवाही आपको कर देगी बीमार Aligarh news
मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव जारी है। शाम को आसमान में बादलों का डेरा रहने और हवाएं चलने से मौसम खुशगवार हो रहा है। सुबह तेज धूप निकलने के बावजूद शीतल हवाएं लोगों को राहत देती हैं लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी अपने तेवर दिखाने लगती है।
अलीगढ़, जेएनएन। मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव जारी है। शाम को आसमान में बादलों का डेरा रहने और हवाएं चलने से मौसम खुशगवार हो रहा है। सुबह तेज धूप निकलने के बावजूद शीतल हवाएं लोगों को राहत देती हैं, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही गर्मी अपने तेवर दिखाने लगती है। पश्चिमी विक्षोभ से वातावरण में उमस कम हुई है। तापमान में गिरावट आई है। 20 मई तक मौसम ऐसे ही रहेगा। इसके बाद आसमान साफ होने लगेगा।
शीतल हवाएं दे रहीं राहत
रविवार को सूरज निकला तो सही, लेकिन पहले जैसे तपिश नहीं थी। शीतल हवा से लोगों को सुकून मिला। लाकडाउन के चलते तमाम लोग घरों में हैं, गर्मी से बच्चे ही नहीं, बड़े भी बेचैन हो उठते हैं। इन दिनों बिजली की आंख-मिचौली भी खूब चल रही है। बहरहाल, बादलों का घेरा घना होता जा रहा है। इससे बारिश के आसार हैं। हालांकि, बारिश के बाद उमस बढ़ सकती है, क्योंकि प्यासी धरती को उतना पानी नहीं मिली, जितना मिलना चाहिए।
सेहत का रखे ख्याल
चिकित्सकों के अनुसार यह मौसम बैक्टीरिया के पनपने के लिए अनुकूल है। इससे सर्दी-खांसी, बुखार, उल्टी-दस्त, वायरल के साथ त्वचा रोग पनपने की आशंका रहती है। इसलिए खानपान में सावधानी बरतें। ठंडी चीजों से परहेज करें। संतुलित आहार लें। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।