अलीगढ़ में छेड़छाड़ के आरोपित को पकड़ने गई पुलिस पर हमला

अलीगढ़ जासं दादों क्षेत्र के गांव समैंना में शनिवार की देर शाम छेड़छाड़ के आरोपित को

By JagranEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 12:33 AM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 12:33 AM (IST)
अलीगढ़ में छेड़छाड़ के आरोपित को पकड़ने गई पुलिस पर हमला
अलीगढ़ में छेड़छाड़ के आरोपित को पकड़ने गई पुलिस पर हमला

अलीगढ़, जासं : दादों क्षेत्र के गांव समैंना में शनिवार की देर शाम छेड़छाड़ के आरोपित को पकड़ने गई पुलिस पर वादी पक्ष ने आरोपित की मदद करने आरोप लगाया। आरोप लगाया गया है कि इस दौरान नौकझोंक होने पर पुलिस ने पीड़ित के घर पर तोड़फोड़ भी की। वहीं पुलिस ने जानलेवा हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने का छह नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

क्षेत्र के गांव समैंना निवासी चोबसिंह पुत्र महावीर सिंह ने बताया कि बीती दो मई की देर शाम परिवार की एक महिला के साथ गांव के ही अवनीश पुत्र महावीर सिंह व दो अज्ञात लोगों ने छेड़छाड़ व मारपीट की थी। इसमें पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार की देर शाम थाना पुलिस आरोपितों को पकड़ने के लिए आई। गांव में घुसते ही पुलिस ने हूटर बजा दिया। हूटर की आवाज सुनकर आरोपित भाग गया। इसी दौरान बेटे संजीव ने पुलिस कर्मियों पर आरोपितों की मदद करने का आरोप लगाया। इस पुलिस और वादी पक्ष में नौकझोंक होने लगी। कहासुनी के बाद पुलिस कर्मी वहां से वापस थाने आ गए। करीब दस बजे दर्जन भर पुलिस कर्मी पुन: गए और पीड़ित पक्ष के घरों में ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस बीच घर के सभी पुरुष भाग गए और महिलाओं ने पुलिस का विरोध किया। पुलिस पर महिलाओं से मारपीट करने का भी आरोप लगाया। पुलिस द्वारा मारपीट में पूजा पत्नी संजीव, मिथलेश, अन्नू, संगीता पत्नी पप्पी, गर्भवती रवीना पत्नी दशरथ सिंह आदि चुटैल हो गई। पुलिस ने घर मे रखा फ्रिज, वाशिग मशीन, तीन पंखे, पांच चारपाई, चूल्हा, एक मोबाइल सहित हजारों रुपये का सामान तोड़कर नष्ट कर दिया।

वहीं कार्यवाहक थानाध्यक्ष मदन सिंह ने बताया कि शनिवार की देर शाम पुलिस टीम ग्राम समैंना निवासी छेड़छाड़ के आरोपित अवनीश पुत्र महावीर सिंह को गिरफ्तार करने के लिए गई थी। आरोपित घर पर नहीं मिला। इसी दौरान पीड़ित पक्ष के संजीव, दशरथ पुत्रगण चोबसिंह, गैंदालाल, मान सिंह, नत्थूसिंह पुत्रगण होडिल सिंह, धर्मेन्द्र पुत्र सुगड़पाल सिंह व एक अज्ञात ने पुलिस पर आरोपितों से मिले होने का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया। इसमें एक सिपाही अरविद कुमार व एक गार्ड रामगोपाल घायल हो गए। सिपाही की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस पर तोड़फोड़ के आरोप गलत हैं। आरोपितों ने खुद ही अपने घरों में तोड़फोड़ की होगी। पुलिस पर हमला करने पर सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

chat bot
आपका साथी