बीमारियों की दस्तक से सचेत करेंगी आशा व आंगनबाड़ी , जानिए कैसे Aligarh News

जिला मलेरिया अधिकारी डा. राहुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का प्रथम चरण एक मार्च से 31 मार्च तक चलेगा। जबकि दस्तक अभियान 10 मार्च से 24 मार्च तक चलाया जाएगा। इस अभियान में सभी विभागों के लोग समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।

By Sandeep kumar SaxenaEdited By: Publish:Wed, 24 Feb 2021 03:33 PM (IST) Updated:Wed, 24 Feb 2021 03:33 PM (IST)
बीमारियों की दस्तक से सचेत करेंगी आशा व आंगनबाड़ी , जानिए कैसे Aligarh News
दस्तक अभियान 10 मार्च से 24 मार्च तक चलाया जाएगा।

अलीगढ़, जेएनएन। गर्मियों की दस्तक के साथ ही डेंगू, मलेरिया, डायरिया, हेपेटाइटिस समेत तमाम संक्रामक व संचारी रोग भी दस्तक देनी शुरू कर देते हैं। इन बीमारियों का कारण मच्छर व गंदगी होता है। खानपान में स्वच्छता की अनदेखी इन बीमारियों को बढ़ावा देती हैं। हर साल ही ये बीमारियां लोगों की सेहत पर धावा बोल देती हैं। ऐसे में समय से बचाव व रोकथाम के उपाय किए जाने जरूरी हैं। इसलिए प्रदेश सरकार ने अलीगढ़ समेत पूरे प्रदेश में एक मार्च से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान व 10 मार्च से दस्तक अभियान शुरू होगा। इसमें विभाग लोगों को बीमारियों के प्रति सचेत करेगा। 

जिला मलेरिया अधिकारी डा. राहुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का प्रथम चरण एक मार्च से 31 मार्च तक चलेगा। जबकि, दस्तक अभियान 10 मार्च से 24 मार्च तक चलाया जाएगा। इस अभियान में सभी विभागों के लोग समन्वय बनाकर कार्य करेंगे। बिंदुवार कार्य की रिपोर्ट सप्ताह के प्रत्येक शनिवार को स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ अपने विभाग के राज्य मुख्यालय पर उपलब्ध कराई जाएगी। प्रथम संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के दौरान जनपद के समस्त अंतरविभागों को एक साथ मिलकर कार्य किया जाएगा। 

साफ-सफाई पर जोर 

अभियान में पंचायती राज विभाग, नगर पालिका व नगर पंचायत द्वारा क्षेत्रों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई, फागिंग व लार्वारोधी का छिड़काव किया जाएगा। शुद्ध पेयजल के लिए इंडिया मार्का हैंडपंपों को लगवाने व ऐसे हैंडपंप जिनका पेयजल दूषित है, को चिह्नित कर लाल रंग से क्रास लगाया जाएगा। 

आशा व आंगनबाड़ी करेंगी जागरूक

दस्तक अभियान में आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को इन बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक करेंगी। बुखार के रोगियों, क्षय रोग के लक्षणयुक्त व्यक्तियों, जन्म तथा मृत्यु पंजीकरण, कुपोषित बच्चों व दिमागी बुखार के कारण विकलांग हुए व्यक्तियों की सूची बनाने का कार्य भी किया जाएगा। 

संचारी रोग अभियान के लिए माइक्रोप्लान तैयार किया जा रहा है। सभी विभागों से समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाया जाएगा, ताकि गर्मियों में पनपने वाली बीमारियों को रोका जा सके। 

- डा. बीपीएस कल्याणी, सीएमओ

chat bot
आपका साथी