खाद लेने गए बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या

गौंडा कस्बे में खाद लेने आए गांव मानगढ़ी के किसान की घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 02:03 AM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 02:03 AM (IST)
खाद लेने गए बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या
खाद लेने गए बुजुर्ग किसान की गोली मारकर हत्या

अलीगढ़: गौंडा कस्बे में खाद लेने आए गांव मानगढ़ी के किसान की घर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर से करीब सात सौ मीटर दूर अलीगढ़-गौंडा रोड पर गांव श्याम नगरिया के पास राहगीरों ने किसान को खून से लथपथ देखा। पास में ही एक तमंचा, काला बैग व घरेलू सामान पड़ा था। आनन-फानन में किसान को जेएन मेडिकल कालेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

गांव मानगढ़ी निवासी 70 वर्षीय बहोरन सिंह सोमवार सुबह करीब साढ़े सात बजे कस्बा में खाद व अन्य सामान लेने आए थे। घर से गौंडा क्षेत्र के गांव उत्तमपुर निवासी एक व्यक्ति ने उन्हें अपनी बोलेरो से गौंडा तक छोड़ा। वहां खाद न होने के चलते बहोरन पैदल ही लौटकर घर आ रहे थे। करीब सवा नौ बजे श्याम नगरिया के पास किसी ने उन्हें गोली मार दी। राहगीरों ने बुजुर्ग को रक्तरंजित अवस्था में पड़ा देखा। पुलिस के मुताबिक, उस वक्त बुजुर्ग की सांसें चल रही थीं। गोली नाक में लगी थी। बुजुर्ग के पास एक पालीथिन में अगरबत्ती व माचिस का पैकेट पड़ा था। करीब चार मीटर दूर एक तमंचा मिला। उसी के पास एक काला लैपटाप बैग भी था, जो खाली था। बैग बुजुर्ग का नहीं था। सीओ इगलास अशोक कुमार सिंह व गौंडा थाना प्रभारी हरिभान सिंह राठौर मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग को जेएन मेडिकल कालेज भिजवाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

पत्नी की 10 साल पहले हो चुकी है मौत

किसान के पास करीब सात बीघा जमीन है। परिवार में तीन बेटे पूरन सिंह, रविद्र व भूरा सिंह हैं। एक बेटी है। पत्नी की 10 साल पहले मौत हो गई है। मौत के बाद स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है।

बड़ा सवाल, तमंचा कैसे छूटा?

इस घटना के पीछे पुलिस अलग-अलग बिदुओं पर जांच कर रही है। चूंकि किसी ने घटना को नहीं देखा तो स्पष्ट नहीं है कि कौन और क्यों गोली मारकर चला गया। बुजुर्ग की किसी से रंजिश की बात भी सामने नहीं आई है। लेकिन, पुलिस के सामने एक सवाल ये भी है कि मारने वाले का तमंचा वहां कैसे छूट गया? पुलिस इसकी तह तक जाने में जुटी है।

बुजुर्ग की गोली लगने से मौत हुई है। गोली नाक में लगी है। घटनास्थल के पास एक तमंचा व बैग मिला है। किसी ने घटना को नहीं देखा है। अभी कुछ स्पष्ट नहीं है कि गोली कैसे और किसने मारी? फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। बुजुर्ग के बेटे पूरन सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। हर बिदु पर जांच की जा रही है।

अशोक कुमार सिंह, सीओ इगलास

chat bot
आपका साथी