अलीगढ़ पुलिस की जांच में संदिग्ध मिला सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

गुरुवार को मडराक थाने में एक महिला ने पांच लोगों के खिलाफ अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा लिखाया था।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 13 Mar 2021 02:01 AM (IST) Updated:Sat, 13 Mar 2021 02:01 AM (IST)
अलीगढ़ पुलिस की जांच में संदिग्ध मिला सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
अलीगढ़ पुलिस की जांच में संदिग्ध मिला सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

जासं, अलीगढ़ : गुरुवार को मडराक थाने में एक महिला ने पांच लोगों के खिलाफ अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा लिखाया था। पुलिस की जांच में मामला संदिग्ध मिला है। पुलिस आरोप लगाने वाली महिला व रुपयों का लालच देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने वाले युवक से पूछताछ कर रही है। शनिवार को पुलिस पूरे मामले से पर्दा उठा सकती है। कोतवाली नगर क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि वह घर से शौच को निकली थी, तभी चार-पांच लोग उसे अगवा करके मडराक क्षेत्र में ले आए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। एसओ मडराक राजीव कुमार ने बताया कि महिला के आरोपों को लेकर जांच की गई तो नामजद कराए गए पांचों आरोपित अपने घर पर मौजूद मिले। घर में शादी समारोह चल रहा था। महिला ने जिस घटनास्थल से खुद को अगवा करने की बात कही, वहां भी किसी ने इस तरह की घटना की पुष्टि नहीं की।

महिला से पूछताछ की तो उसने सच्चाई बयां कर दी। एसओ मडराक ने बताया कि पार्षद चुनाव को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है। इसी विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को फंसाने की खातिर महिला को 20 हजार रुपये देकर सामूहिक दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज करा दिया। महिला को लालच देकर मुकदमा लिखाने वाले युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक दिन पहले महिला देहलीगेट थाने में भी गई थी, लेकिन पुलिस के पूछताछ करने पर चुपचाप चली आयी थी। युवक के मोबाइल में एक दिन पहले की तहरीर लिखी मिली है। अभी दोनों से पूछताछ जारी है। घटनाक्रम से शनिवार को पर्दा उठाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी