दीपकों की रोशनी से धरणीधर पर बिखरी निराली छटा

हजारों की संख्या में अंधेरी रात्रि में अंधकार को हटाकर रोशनी बिखेरते दीपकों की निराली छटा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 01 Dec 2020 01:18 AM (IST) Updated:Tue, 01 Dec 2020 01:18 AM (IST)
दीपकों की रोशनी से धरणीधर पर बिखरी निराली छटा
दीपकों की रोशनी से धरणीधर पर बिखरी निराली छटा

अलीगढ़ : चहुं ओर जयघोष करता हुआ श्रद्धालुओं का हुजूम। हजारों की संख्या में अंधेरी रात्रि में अंधकार को हटाकर रोशनी बिखेरते दीपकों की निराली छटा। घाटों पर जल रहे दीपों की श्रृंखला मन को मोहित व आनंदित करने वाली थी। सोमवार को ऐसा नजारा था महर्षि विश्वामित्र की पावन तपोस्थली तीर्थधाम धरणीधर सरोवर पर। यह मौका देव दीपावली के पावन पर्व का था, जिसमें प्रत्येक श्रद्धालु आनंद व भक्ति में सरोवर होकर डुबकी लगा रहा था।

सरोवर पर देव दीपावली पर्व धूमधाम से मनाया गया। रुद्रेश्वर महादेव मंदिर पर महाकाल की भव्य झांकी सजाई गई। बारहद्वारी मंदिर पर भजन-कीर्तन हुआ। खाटू श्याम व सारासर बालाजी की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। सभी घाट व मंदिर आकर्षक ढंग से सजाए गए। मंदिरों में पूजा-अर्चना व घंटे घड़ियालों की ध्वनि से समूचा वातावरण भक्ति मय हो गया। श्याम सेवा संगठन सहित अन्य श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह प्रसाद वितरण किया गया। झूमते गाते हुए हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सरोवर की परिक्रमा की तो वहीं मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों की लाइन लगी रही। प्राचीन श्रीराम मंदिर, हनुमानगढ़ मंदिर, श्री रुद्रेश्वर महादेव मंदिर, दाऊजी महाराज मंदिर, शिव मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर, समाधि स्थल, श्री धरणेश्वर नाथ महादेव मंदिर, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, सरोवर स्थित सभी घाटों व धर्म शालाओं को दीप ज्योति से झांकियों के रूप में सजाया गया। इस मौके पर चेयरमैन मनोज कुमार, विष्णु गोयल, नीरज सारस्वत, भुवनेश कौशल, मोहित शर्मा, मनोज सक्सैना, विनय कुमार भारद्वाज, गुलशन बंसल, कुलदीप सक्सेना, विकास पंडित, अनंत अग्रवाल, पंकज शर्मा, प्रमोद कुमार, मयंक जैन, ज्ञानेश शर्मा, विशाल, रोहित अग्रवाल, केशव शर्मा, आशीष अग्रवाल, मोनू बंसल, देव सारस्वत आदि थे।

chat bot
आपका साथी