Aligarh Panchayat Chunav 2021: शाम को पी रहे काढ़ा...दिन में प्रचार धुआंधार Aligarh News

चुनाव की लहर में कोरोना का कहर भी है। मगर प्रत्याशियों को तो निकलना पड़ रहा है। जीतने के लिए दिनरात एक किए हुए हैं जन-जन तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में कई प्रत्याशी हैं जो कोरोना से बचाव के लिए काढ़ा पी रहे हैं

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Fri, 23 Apr 2021 11:01 AM (IST) Updated:Fri, 23 Apr 2021 11:01 AM (IST)
Aligarh Panchayat Chunav 2021: शाम को पी रहे काढ़ा...दिन में प्रचार धुआंधार Aligarh News
चुनाव की लहर में कोरोना का कहर भी है। मगर, प्रत्याशियों को तो निकलना पड़ रहा है।

अलीगढ़, जेएनएन। चुनाव की लहर में कोरोना का कहर भी है। मगर, प्रत्याशियों को तो निकलना पड़ रहा है। वह चुनाव जीतने के लिए दिनरात एक किए हुए हैं, जन-जन तक पहुंच रहे हैं, जिससे लोगों तक अधिक से अधिक पहुंचा जा सके। ऐसे में कई प्रत्याशी हैं जो कोरोना से बचाव के लिए काढ़ा पी रहे हैं अपने साथ गुनगुना पानी रख रहे हैं। साथ ही खाने-पीने में बहुत एहतियात रख रहे हैं। उनका कहना है कि चुनाव प्रचार भी करना है, मगर सुरक्षा भी जरूरी है। क्योंकि दिनभर घूमने के बाद घर भी लौटना पड़ता है। उनकी लापरवाही से परिवार को दिक्कत न हो इसलिए वह इस समय काढ़ा और गुनगुना पानी समेत तमाम चीजों का सेवन कर रहे हैं।

 कड़ी धूप का सामना 

एक साल पहले जब कोरोना का प्रकोप बढ़ा था तो लोग देसी दवाओं पर आ गए थे। आयुर्वेद के तमाम संसाधनों का प्रयोग करने लगे थे। जूड़ी-बूटियों से बना काढ़ा तो घर-घर प्रयोग होने लगा था। साथ ही भीषण गर्मी में गुनगुना पानी लोग पी रहे थे। इस बार कोरोना का कहर पंचायत चुनाव के बीच में है। प्रत्याशी धुआंधार प्रचार में लगे हुए हैं। सुबह निकलते हैं, दोपहर कड़ी धूप का सामना करना पड़ रहा है। देरशाम लौटना हो रहा है। कई बार तो दिन-दिन भर भोजन नहीं हो पाता। हल्का-फुल्का कुछ ले लिया बस उसी से दिन कट जाता है। ऐसे में तमाम प्रत्याशी हैं, जो पुरानी पद्धति पर लौट आए हैं। उनका कहना है कि पिछली बार भी उन्होंने काढ़ा,गुनगुना पानी और पौष्टिक आहार से अपने आपको बचाव किया था, इस बार वह भले ही चुनाव मैदान में हैं मगर उन चीजों का प्रयोग कर रहे हैं। जिससे बीमारी से बच सकें।

देसी उपचार सबसे बेहतर

वार्ड 20 की भाजपा समर्पित प्रत्याशी प्रेरणा शर्मा कहती हैं कि सुबह घर का काम करने निकलना होता है। इस समय प्रचार जोरों पर है तो दोपहर में भी लौट नहीं पा रहे हैं। इसलिए दिनभर थकान हो जाती है। शाम को प्रतिदिन काढ़ा ले रही हैं। हल्दी दूध भी ले लेती हैं। गुनगुना पानी साथ में रहता है। मुंह पर मास्क लगाए रहती हैं, जिससे कोई दिक्कत न हो।

वार्ड 43 से सपा समर्थित प्रत्याशी अर्चना यादव नियमों के पालन में अव्वल हैं। वह व्यस्त समय में भी नियमित व्यायाम करती हैं। शाम को प्रतिदिन काढ़ा ले रही हैं। हल्का भोजन ले रही हैं। बाहर की चीजें नहीं खाती हैं। साथ में भूने चने, चिरवा रखती हैं, मौका मिलने पर ले लेती हैं। गुनगुना पानी साथ में रहता है, बाहर पानी पीने से बचती हैं।

वार्ड 14 की रालोद समर्थित प्रत्याशी आरपी सूर्यवंशी को भी घर की जिम्मेदारी का निर्वहन करने के बाद निकलना पड़ता है। वह सुबह तो गुनगुना पानी पीतीं हैं। साथ में नींबू पानी ले जाती हैं। प्रचार शुरू होने के समय नौ दिनों का व्रत भी था, मगर क्षेत्र में जनसंपर्क बंद नहीं किया। वह फल और मेवा ले लिया करती थीं। इस समय हल्का भोजन ले रही हैं।

वार्ड 11 के बसपा समर्थित प्रत्याशी फारुक अहमद भी काफी एहतियात रहे हैं। हालांकेि, रोजा होने के चलते वह दिनभर कुछ नहीं खाते-पीते। शाम को रोजा खाेलने के बाद वह गुनगुना पानी लेते हैं। स्नान भी इस समय गुनगुने पानी से ही कर रहे हैं। इसके बाद खजूर और मेवा ले रहे हैं। चूंकि दिन भर चलना रहता है इसलिए भोजन बहुत हल्का लेते हैं।

chat bot
आपका साथी