Aligarh Coronavirus Alert : कोरोना को हराना है तो नियमों का सख्ती से पालन कराए प्रशासन
कारोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शासन ने साप्ताहिक लाकडाउन के दिशा-निर्देश दिए हैं। शनिवार व रविवार को आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी गतिविधियां बंद रहेंगी। लेकिन प्रशासन पर ये तक न हो सका।
अलीगढ़, जेएनएन। कारोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शासन ने साप्ताहिक लाकडाउन के दिशा-निर्देश दिए हैं। शनिवार व रविवार को आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी गतिविधियां बंद रहेंगी। लेकिन, प्रशासन पर ये तक न हो सका। लाकडाउन के इन दो दिनों में सामान्य दिनों की तरह आवाजाही रहती है। इसकी चिंता थाना पुलिस काे नहीं है, ट्रैफिक पुलिस ने भी छूट दे रखी है। सुबह से रात तक वाहन दौड़ते हैं, इन्हें टोका नहीं जाता। दुकानें बेरोकटोक खुल रही हैं। सड़क, बाजार, पार्कों में चहलकदमी रहती है। ये हालात तब हैं, जब प्रतिदिन काेरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। सफाई कर्मचारी भी सुरक्षा किट के बिना ड्यूटी कर रहे हैं। इन्हें मास्क, सैनिटाइजर तक उपलब्ध नहीं कराए गए।
कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के सख्त निर्देश जारी
जिला प्रशासन ने कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए थाना स्तर पर कड़े निर्देश दे रखे हैं। हीलाहवाली पर चौकी प्रभारियों की जिम्मेदारी तय है। बीट कांस्टेबल तक इन जिम्मेदारियों से बंधे हुए हैं। बावजूद इसके कोई इस वैश्विक महामारी को गंभीरता से नहीं ले रहा। अधिकारियों की ड्यूटी अपने दफ्तरों में बैठकर दिशा-निर्देश देने तक सीमित रह गई है, ये निर्देश नीचे वालों के कानों तक नहीं पहुंच पा रहा या फिर अनसुना कर रहे हैं। आदेश थे कि कोई व्यक्ति बिना मास्क पहने घर से नहीं निकलेगा। प्रत्येक दुकान सैनिटाइजर उपलब्ध होगा, जिससे ग्राहकों के हाथ सैनिटाइज किए जा सकें। शारीरिक दूरी का पालन हर हाल में हो। लेकिन एेसा कहीं होता दिखाई नहीं दे रहा। नगर निगम ने सफाई कर्मियों की सुरक्षा का हवाला देकर लाखों रुपये के उपकरण खरीद लिए, लेकिन दिए नहीं। शायद यही वजह है कि नाले, नालियों की सफाई में जुटे कर्मचारियों के पास मास्क तक नहीं है। बिना मास्क, दस्ताने, आक्सीजन के कर्मचारी नाले, सीवर लाइन में उतर जाते हैं। अफसोस की बात ये कि वहीं खड़े अधिकारी टोटते तक नहीं। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों के लिए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। कर्मचारियों को सुरक्षित रहकर शहरवासियों की सुरक्षा करने की हिदायत दी गई है। प्रशासनिक अधिकारियों ने भी दुकानदारों के लिए कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
सफाई कार्य के दौरान प्रत्येक कर्मचारी को सुरक्षा उपकरण दिए जाते हैं। हो सकता कि कुछ कर्मचारी उपकरण इस्तेमाल न कर रहे हों, यह लापरवाही है। इस पर गंभीरता बरती जाएगी।
राजबहादुर सिंह, सहायक नगर आयुक्त