अलीगढ़ शहर को बनाया जाएगा स्मार्ट, नए नगर आयुक्त ने दिलाया भरोसा

गौरांग राठी ने संभाला नगर आयुक्त का चार्ज मीडिया को अपनी प्राथमिकताएं भी गिनाईं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 01:58 AM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 01:58 AM (IST)
अलीगढ़ शहर को बनाया जाएगा स्मार्ट, नए नगर आयुक्त ने दिलाया भरोसा
अलीगढ़ शहर को बनाया जाएगा स्मार्ट, नए नगर आयुक्त ने दिलाया भरोसा

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : नगर आयुक्त गौरांग राठी शनिवार को नगर निगम के सेवाभवन में चार्ज लेने के बाद मीडिया से रूबरू हुए। नगर आयुक्त रहते वाराणसी में कई महत्वपूर्ण कार्य कर चुके गौरांग राठी ने शहर को स्मार्ट बनाने का वादा किया और जलभराव से निजात दिलाने की बात कही। नगर निगम के खराब पड़े कई सामान को देख नाराजगी भी जताई। कहा, शीघ्र सारी व्यवस्थाएं ठीक कराएंगे।

गौरांग राठी वाराणसी में नगर आयुक्त व काशी विश्वनाथ मंदिर, विशिष्ट विकास परिषद के सीईओ थे। वहां रोडवेज की खराब पड़ी बसों को अस्थायी रैन बसेरा बनवाने में इस्तेमाल करने पर चर्चा में आए थे। बारिश के मौसम में अलीगढ़ नगर निगम का चार्ज लेने के बाद उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती जलभराव की है। नगर आयुक्त ने कहा कि वो इस समस्या से निजात दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे। जलभराव का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। शहर में समय से कूड़ा उठवाया जाएगा। नगर निगम में खरीदे गए संयंत्र, जिनका अभी तक उपयोग शुरू नहीं किया गया है और वे कबाड़ में पड़े हैं, उन्हें दिखवाया जाएगा। शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी। अधिकारियों व कर्मचारियों का नागरिक संवाद ठीक कराया जाएगा, जिससे लोगों को शिकायत न हो। स्मार्ट सिटी के कार्य को और गति दी जाएगी। जिन स्थानों पर काम चल रहा है उसका निरीक्षण किया जाएगा। शहर में जाम से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमण अभियान चलाया जाएगा। जगह-जगह सड़क की खुदाई से बढ़ते जलभराव की समस्या से निजात दिलाई जाएगी। शहर में अधूरे विकास कार्यों को पूर्ण कराया जाएगा। अब देखना ये होगा कि नगर आयुक्त किस प्रकार से शहर को जलभराव से निजात दिलाते हैं।

एडीए उपाध्यक्ष पद पर भी संभाला चार्ज : गौरांग राठी ने शनिवार को ही अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) में उपाध्यक्ष पद पर भी कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने प्राधिकरण कार्यालय का निरीक्षण किया। सभी पटलों को देखा। कार्यालय में कई स्थानों पर उन्हें गुटखा की पीक दिखाई दी। उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने कार्यालय में गुटखा खाने पर रोक लगा दी। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से पकड़े जाने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। कई जगह उन्हें अनुपयोगी व खराब सामान पड़ा मिला। उन्होंने इसकी सूची बनाने के निर्देश दिए।

chat bot
आपका साथी