अलीगढ़ में पुलिस पर ईदगाह के ताले तोड़कर घुसने का आरोप, हंगामा, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी

उत्‍तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ में देहलीगेट थाना क्षेत्र के शाहजमाल स्थित पुरानी ईदगाह के बाहर बुधवार सुबह लोगों ने जमकर हंगामा किया। आरोप था कि पुलिस ईदगाह के ताले तोड़कर अंदर घुसी और युवक के साथ मारपीट भी की।

By Sandeep kumar SaxenaEdited By: Publish:Wed, 20 Jan 2021 11:07 AM (IST) Updated:Wed, 20 Jan 2021 11:07 AM (IST)
अलीगढ़ में पुलिस पर ईदगाह के ताले तोड़कर घुसने का आरोप, हंगामा, पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
शाहजमाल स्थित पुरानी ईदगाह के बाहर बुधवार सुबह लोगों ने जमकर हंगामा किया।

अलीगढ़, जेएनएन। उत्‍तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ में देहलीगेट थाना क्षेत्र के शाहजमाल स्थित पुरानी ईदगाह के बाहर बुधवार सुबह लोगों ने जमकर हंगामा किया। आरोप था कि पुलिस ईदगाह के ताले तोड़कर अंदर घुसी और युवक के साथ मारपीट भी की। गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। हालांकि पुलिस का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू होने की सूचना पर गई थी। मारपीट की बात गलत है। शहर मुफ्ती भी मौके पर आ गए। करीब एक घंटे की बातचीत के बाद लोग शांत हुए। 

यह है मामला

दरअसल, शाहजमाल में कब्रिस्तान के पास ही पुरानी ईदगाह है। यहां पहले निर्माण कार्य चल रहा था। किसी कारणवश लॉकडाउन में निर्माण कार्य रोक दिया गया है। तब से यहां कोई काम नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात सूचना मिली थी कि ईदगाह में निर्माण कार्य हो रहा है। इस पर थाना पुलिस ईदगाह में पहुंची थी। इधर, सुबह ईदगाह के दरवाजे का ताला टूटा था। लोगों को खबर हुई तो हंगामा शुरू हो गया। ईदगाह के बाहर सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। कुछ लोग थाने भी पहुंचे। इंस्पेक्टर देहलीगेट आशीष कुमार ने लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन, लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस पर शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद समेत इलाके के कुछ संभ्रांत लोग भी आ गए। तनाव को देखते हुए कोतवाली, बन्नादेवी व सासनीगेट थाने का पुलिस फोर्स भी बुला लिया गया।

अफवाह के चलते लोग इकट्ठा हुए

शहर मुफ्ती ने लोगों से बातचीत कीं। करीब घंटेभर बाद  शांत शहर मुफ्ती के समझाने पर लोग शांत हुए। भीड़ को हटने में भी काफी समय लग गया। इसे लेकर पुलिस भी अलर्ट रही। सीओ प्रथम प्रशांत सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस ईदगाह में निर्माण कार्य देखने गई थी। सुबह अफवाह के चलते लोग इकट्ठा हो गए थे। हालांकि उन्हें समझाकर हटा दिया गया। फिलहाल पूरी तरह शांति है। 

chat bot
आपका साथी