दुष्कर्म व हत्या का मुकदमा दर्ज, तनाव के बीच अंतिम संस्कार

अकराबाद क्षेत्र के एक गांव में रविवार को हुई किशोरी की हत्या और दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज हो गई है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 08:58 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 08:58 PM (IST)
दुष्कर्म व हत्या का मुकदमा दर्ज,  तनाव के बीच अंतिम संस्कार
दुष्कर्म व हत्या का मुकदमा दर्ज, तनाव के बीच अंतिम संस्कार

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : अकराबाद क्षेत्र के एक गांव में रविवार को हुई किशोरी की हत्या के बाद सोमवार तड़के से रात तक गहमा-गहमी देखने को मिली। दोपहर तक पोस्टमार्टम हाउस पर विभिन्न दलों से जुड़े नेता जुटे रहे। जैसे-तैसे पुलिस ने शव को सासनीगेट क्षेत्र स्थित घर के लिए रवाना किया। यहां से श्मशानघाट ले जाते वक्त दो बार शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने की कोशिश हुई, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए ऐसा नहीं होने दिया। भारी तनाव के बीच शाम को अंतिम संस्कार हो सका। इधर, पुलिस ने रविवार देररात दुष्कर्म व हत्या में मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि, एसएसपी मुनिराज का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। स्लाइड बनाकर फोरेंसिक जांच के लिए भेजी गईं हैं। इसके अलावा गला व मुंह दबने से मौत की बात सामने आई है।

सासनीगेट थाना क्षेत्र के एक इलाके की 14 वर्षीय किशोरी अकराबाद क्षेत्र के गांव में अपने ननिहाल में रहती थी। मामा के मुताबिक, किशोरी रविवार सुबह 11 बजे खेत में चारा लेने गई थी। देर शाम उसका शव गांव के बाहर गेहूं के खेत में नग्नावस्था में मिला। मामा की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म व पाक्सो की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। सुबह पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ी संख्या में किशोरी के स्वजन, रिश्तेदारों के अलावा विभिन्न दलों से जुड़े नेताओं व पदाधिकारियों के जमावड़े के साथ ही पुलिस-प्रशासनिक अफसर भी डटे रहे। पोस्टमार्टम के बाद एंबुलेंस से शव को ले जाने के दौरान मुआवजे की मांग को लेकर भीम आर्मी के नेताओं से अफसरों की नोक-झोंक हुई। कड़ी सुरक्षा के बीच दोपहर करीब तीन बजे किशोरी के शव को जयगंज स्थित पैतृक घर भिजवाया गया। यहां करीब एक घंटे तक लोगों ने नारेबाजी भी की। पुलिस ने सुरक्षा के बीच शव को रवाना किया। श्मशानघाट ले जाने के दौरान पहले केपी इंटर कालेज, फिर चिरंजीलाल इंटर कालेज के बाहर शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस प्रशासन के अफसरों ने सख्ती दिखाते हुए लोगों को हटाया। शाम पांच बजे भारी तनाव के बीच अंतिम संस्कार हो सका।

घसीटने से शरीर पर आए खरोंच के निशान

एसएसपी मुनिराज ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। कहा कि किशोरी के हाथ-पैर व शरीर पर खरोंच के निशान हैं। संभवत 10-15 मीटर खेतों में किशोरी को घसीटा गया है। गला व मुंह दबने से मौत हुई है। वहीं दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। किशोरी के इंटरनल पार्ट पर कोई चोट नहीं है। फिर भी स्लाइड बनाकर जांच के लिए भेजी हैं।

दो लाख रुपये का मुआवजा

एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह ने बताया कि तत्कालीन रूप से परिवार को दो लाख की सहायता दी गई है। इसके अलावा प्रशासन की पूरी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। आगे भी नियमानुसार मदद की जाएगी।

chat bot
आपका साथी